बॉलीवुड की 'दंगल गर्ल' यानी सान्या मल्होत्रा जल्द ही एक और नए प्रोजेक्ट पर काम करती नजर आ सकती हैं। बताया जा रहा है कि वह फिल्म 'आशिकी 2' के एक्टर आदित्य रॉय कपूर के साथ रोमांस करती नजर आएंगी। वह इस समय आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म 'बधाई हो' की शूटिंग में व्यस्त है।
मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार आदित्य और सान्या मोहित सूरी के अपकमिंग प्रोजेक्ट में नजर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि मोहित ने सान्या को कास्ट करने से पहले एक्ट्रेस कृति सेनन को अपनी फिल्म में लेने का फैसला किया था, लेकिन कृति ने 'हाउसफुल 4' साइन करने के कारण मोहित की फिल्म में काम करने को मना कर दिया।
कृति सेनन के मना करने के बाद मोहित ने अपने प्रोजेक्ट के लिए दिशा पटानी से भी बात की, लेकिन दिशा ने भी अपनी साउथ फिल्म की शूटिंग के चलते उनके इस प्रोजेक्ट में काम करने से मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने सान्या को अपनी फिल्म में कास्ट करने का फैसला किया है।
फिलहाल सान्या की ओर से मोहित के इस प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन अगर सान्या इस पर काम करती हैं तो उनकी और आदित्य की जोड़ी पहली बार परदे पर नजर आएगी। बताया जा रहा है कि मोहित की यह फिल्म लव ट्रैंगल आधारित फिल्म होगी।
आपको बता दें कि इन दिनों सान्या आयुष्मान खुराना की फिल्म बधाई हो की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म बधाई हो का निर्देशन अमित शर्मा कर रहे हैं। पता हो कि सान्या मल्होत्रा ने फिल्म दंगल में आमिर की दूसरे नंबर की बेटी यानी बबीता फोगाट का किरदार निभाया था।