बॉलीवुड में संजू बाबा के नाम से मशहूर संजय दत्त एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, उनके किरदार पर बन रही बायोपिक फिल्म को लेकर उन्होंने अपनी इच्छा जाहिर की है। संजय ने फिल्म के ट्रेलर को रिलीज करने के लिए इस तारीख को सही बताया है....
पहले आपको बता दें कि इस बायोपिक फिल्म में रणबीर कपूर, संजय दत्त के रोल में नजर आएंगे, लेकिन जब इस बात का ऐलान हुआ था तो यही बात फैली कि रणबीर इस रोल में बिल्कुल भी फिट नहीं बैठेंगे। जब लोगों के सामने रणबीर का संजय दत्त वाला लुक सामने आया तो सभी हैरान रह गए।
इसके बाद तो लोगों के लिए बेचैनी और भी बढ़ती गई और उन्हें अब फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। बता दें कि फिल्म को राज कुमार हिरानी डायरेक्ट कर रहे हैं। अब फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने की बात सामने आई है। ऐसे में संजय दत्त ने भी अपनी इच्छा जताई है कि ट्रेलर को 8 मई को रिलीज किया जाए।
चलिए आपको बताते हैं कि फिल्म के ट्रेलर को 8 मई को लॉन्च करने के पीछे की वजह क्या है। दरअसल, इस तारीख को संजय दत्त की फिल्म रॉकी (1981) रिलीज हुई थी और आज भी संजय दत्त को यह तारीख याद रहती है। बता दें कि संजय के करियर की ये पहली फिल्म थी। फिल्म को संजय के स्वर्गीय पिता सुनील दत्त ने डायरेक्ट किया था।
ये बात जानकर आपको और भी हैरानी होगी कि फिल्म रॉकी को संजय दत्त की मां नरगिस के देहांत के चार दिन बाद रिलीज किया गया था। इसी के चलते फिल्म के प्रीमियर वाले दिन सिनेमाघरों में नरगिस की याद के चलते सीटें खाली रखी गई थी। एक्ट्रेस नरगिस की मौत कैंसर के चलते हुई थी।