आखिरकार संजय दत्त और माधुरी दीक्षित की जोड़ी बन ही गई। तमाम अटकलों को खारिज करते हुए करण जौहर ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि उनकी अगली फिल्म में एक्स लवर्स संजय दत्त और माधुरी दीक्षित की जोड़ी होगी। यही नहीं, इसी फिल्म में एक और ऐसी जोड़ी होगी जिसके अफेयर से लेकर ब्रेकअप तक की खबरें मीडिया की सुर्खियां बनीं थीं।
करण जौहर की फिल्म 'कलंक' में संजय दत्त और माधुरी दीक्षित की जोड़ी के अलावा एक्स-फ्लेम्स वरुण धवन और आलिया भट्टी की जोड़ी भी दिखेगी। इसके अलावा फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा और आदित्य रॉय कपूर भी होंगे। यानी करण जौहर की इस मल्टी-स्टारर फिल्म में तीन जोड़ियों की कहानी होगी।
फिल्म 'कलंक' की कहानी 1940 की पृष्ठभूमि पर लिखी गई है। देश के विभाजन पर आधारित इस फिल्म को करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस और साजिद नाडियाडवाला की कंपनी नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट मिल कर इस फिल्म का निर्माण करेंगी। फिल्म का निर्देशन अभिषेक वर्मन करेंगे। उन्होंने आलिया भट्ट की ही फिल्म '2 स्टेट्स' से फिल्म डायरेक्शन में डेब्यू किया था।
फिल्म के बारे में करण जौहर ने कहा, 'इस एपिक ड्रामा को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। वहीं, इसकी शानदार स्टार कास्ट भी फिल्म को और भी मजेदार बनाती है। फॉक्स स्टार स्टूडियोज और साजिद नाडियाडवाला के साथ से यह फिल्म और भी स्पेशल हो गई है।' यह फिल्म ठीक एक साल बाद, 19 अप्रैल 2019 को रिलीज होगी।
फिल्म 'कलंक' की कहानी पर पिछले चार साल से काम हो रहा है। इस फिल्म में पहले श्रीदेवी को कास्ट किया गया था। तब इस प्रोजेक्ट का नाम 'शिद्दत' रखा गया था। मगर उनके निधन के बाद फिल्म में माधुरी दीक्षित को साइन किया गया और इसका नाम भी बदलने का फैसला किया गया।