सलमान खान की फिल्म 'दबंग 3' रिलीज होने से पहले चर्चा में बनी हुई है। यह फिल्म एक के बाद एक विवादों में फंस रही है। नया विवाद फिल्म के 'हुड़ दबंग दबंग' गाने में ऋषियों को लेकर है। यहां तक कि सोशल मीडिया पर लोग 'दबंग 3' का विरोध कर रहे हैं और बायकॉट करने की मांग कर रहे हैं। इस फिल्म में भी अरबाज और सलमान एक साथ अभिनय करते हुए नजर आएंगे। जानिए ऐसे सितारों के बारे में जो असल जिंदगी में भाई-बहन है और पर्दे पर एक साथ भी नजर आए।
सलमान खान सहित इन पांच सितारों ने भी सगे भाई-बहनों के साथ शेयर की स्क्रीन
सलमान खान और अरबाज खान
सलमान और अरबाज ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया है। अरबाज ने न केवल सलमान के साथ स्क्रीन साझा की बल्कि उनकी कुछ फिल्मों का निर्देशन भी किया। यह दोनों एक साथ 'दबंग', 'दबंग 2' में नजर आए। वहीं 'दबंग 3' में भी अभिनय करते हुए दिखेंगे। इसके अलावा अरबाज ने 'प्यार किया तो डरना क्या', 'हेलो ब्रदर' में भी सलमान के साथ काम किया है।
शिल्पा शेट्टी और शमिता शेट्टी
शिल्पा शेट्टी और शमिता शेट्टी बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आई थीं। इन दोनों ने 'फरेब' फिल्म में एक साथ काम किया था। यह फिल्म साल 2005 में रिलीज हुई थी। हालांकि यह फिल्म फ्लॉप रही। इन दोनों बहनों में शिल्पा का करियर सातवें आसमान पर रहा जबकि शमिता कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं।
सलमान और सोहेल
अरबाज की तरह सलमान ने सोहेल के साथ भी फिल्मों में काम किया। इन फिल्मों में 'गॉड तुसी ग्रेट हो', 'हीरोज', 'मैं और मिसेज खन्ना', 'वीर', 'सलाम-ए-इश्क' और 'ट्यूबलाइट' शामिल है।
आमिर और फैजल ने एक साथ 'मेला' फिल्म की थी। यह फिल्म साल 2000 में रिलीज हुई थी। आमिर खान को बॉलीवुड का मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहा जाता है जबकि भाई फैजल कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। यहां तक कि सिनेमाजगत से दूर वह गुमनामी की जिंदगी जी रहे हैं।