सलमान खान को काला हिरण शिकार मामले में पांच साल जेल की सजा सुनाई गई है। मगर सलाखों के पीछे जाने से पहले वह अपनी गर्लफ्रेंड यूलिया वंतूर को एक खास 'तोहफा' दे गए हैं। खबर है कि उन्होंने अपनी फिल्म 'रेस-3' के लिए जो गाना लिखा है, उसे यूलिया गाएंगी।
'मुंबई मिरर' की रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान ने 'रेस-3' के लिए जो गाना लिखा है उसे पाकिस्तानी सिंगर आतिफ अस्लम और यूलिया वंतूर मिलकर गाएंगे। एक सूत्र ने बताया, 'टीम को एक गायिका की तलाश थी। सलमान खान के कहने के बाद ही यूलिया को यह ऑफर दिया गया।'
बता दें कि अबू धाबी में 'रेस-3' के एक गाने की शूटिंग हुई है जिसे सलमान खान पर फिल्माया गया है। 37 वर्षीय रोमानियाई टीवी प्रेजेंटर यूलिया वंतूर ने गायिका के तौर पर बॉलीवुड में एंट्री ली है। पिछले महीने यूलिया वंतूर का गाना 'एवरी नाइट एंड डे' रिलीज किया गया था। इसका म्यूजिक सलमान खान के चहेते हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है।
यूलिया वंतूर सलमान खान के साथ दुबई में मौजूद थीं, जहां उनके भांजे आहिल का दूसरा जन्मदिन मनाया गया। सलमान खान का परिवार भी यूलिया को पसंद करता है। महाशिवरात्रि के मौके पर सलमान खान की मां यूलिया को लेकर फार्म हाउस गई थीं और वहां उन्होंने पूजा भी की थी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमा खान ने यूलिया से आरती भी करवाई। यूलिया ने खान फैमिली के साथ शिवरात्रि का त्योहार मनाया। साथ ही गांव में जाकर गरीब परिवारों को खाना और कपड़े बांटे।
सलमान खान की फिल्म 'रेस-3' की शूटिंग अबूू धाबी और बैंकाक में पूरी कर ली गई है। कुछ सीन्स मुंबई में फिल्माए जाएंगे। सलमान उस फिल्म में एक्टिंग के साथ-साथ इसे को-प्रोड्यूज भी कर रहे हैं। फिल्म में अनिल कपूर, बॉबी देओल, जैकलिन फर्नांडीस, डेजी शाह और साकिब सलीम भी अहम किरदार निभाते दिखेंगे। यह ईद के मौके पर 15 जून को रिलीज होगी।