'कहानी घर घर की' में पार्वती का किरदार निभाकर फेमस हुईं एक्ट्रेस साक्षी तंवर अपनी निजी लाइफ को मीडिया की चकाचौंध से दूर रखती हैं। अब उन्होंने खुद से जुड़ा एक बड़ा फैसला लिया है जिससे उनकी जिंदगी में खुशियां ही खुशियां लौट आई हैं। इसकी जानकारी साक्षी ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए दी।
दरअसल, साक्षी ने एक बच्ची को गोद लिया है। टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए साक्षी ने कहा, 'अपने पैरेंट्स और दोस्तों के सपोर्ट से मैंने एक बच्ची को गोद लिया है जो जल्द ही 9 महीने की हो जाएगी। सभी के साथ ये खुशी बांटते हुए मुझे काफी अच्छा महसूस हो रहा है।'
साक्षी ने आगे कहा कि 'मेरी जिंदगी का ये खास पल है। मेरे जीवन में इस बच्ची के आने से आनंद का आगमन हुआ है। दित्या मेरी सारी प्रार्थनाओं का जवाब है। उसे पाकर मैं धन्य महसूस कर रही हूं। हमारे घर में दित्या मां लक्ष्मी के रूप में आई है। बच्ची का नाम दित्या है। जिसका मतलब है जो आपकी प्रार्थनाओं का जवाब दे। मां लक्ष्मी का एक नाम दित्या है।' साक्षी तंवर के फैन पेज अकाउंट से एक तस्वीर भी शेयर की गई है।
45 वर्षीय साक्षी तंवर ने शादी नहीं की है। वो टीवी की महंगी एक्ट्रेसेस में से एक रही हैं। एकता कपूर के सीरियल कहानी घर-घर की में पार्वती का किरदार निभाकर साक्षी फेमस हुईं। आज भी लोग उन्हें इसी नाम से जानते हैं। इसके बाद साक्षी ने एकता कपूर के साथ बड़े अच्छे लगते हैं सीरियल में काम किया। फिल्म में वो राम कपूर के साथ दिखाई दी थीं।
टीवी सीरियल के अलावा साक्षी ने कई फिल्मों में काम किया है। फिल्म दंगल में साक्षी, आमिर खान की पत्नी बनी थीं। इसके अलावा फिल्म मोहल्ला अस्सी में वो सनी देओल के अपोजिट थीं। साक्षी ने अपने करियर की शुरुआत साल 1998 में रियलिटी शो अलबेला सुर मेला से की थी।