दबंग के चुलबुल पांडे फिलहाल एक्शन डायरेक्टर रोहित शेट्टी के कॉप यूनीवर्स में शामिल होने नहीं जा रहे। हाल में काफी चर्चा रही कि रोहित जल्द ही सलमान खान की सुपरहिट फिल्म किक का सीक्वल निर्देशित करने जा रहे हैं लेकिन, किक बनाने वाली कंपनी नाडियाडवाला ग्रांडसन एंटरटेनमेंट ने इस बात से पूरी तरह इनकार कर दिया है।
पांच साल पहले रिलीज हुई फिल्म किक में सलमान खान ने एक ऐसा किरदार किया जो अमीरों को लूटकर गरीबों की मदद करता है। फिल्म में उनका नाम होता है देवी लाल सिंह, जिसे छोटा करके उनके किरदार का नाम पड़ जाता है डेविल। फिल्म में जैकलीन फर्नांडीज और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी मुख्य भूमिकाओं में थे। किक ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 214 करोड़ की कमाई की थी।
उधर, फिल्म सिंघम से शुरू हुए रोहित शेट्टी के कॉप यूनीवर्स में नए कलाकारों के जुड़ने की चर्चाएं हिंदी सिनेमा में खूब हो रही हैं। अजय देवगन के सिंघम, रणवीर सिंह के सिम्बा और अब अक्षय कुमार के सूर्यवंशी बनने के बाद रोहित के फैंस सलमान खान को इस कॉप यूनीवर्स से जुड़ता देखना चाहते हैं। इसी को लेकर कभी चुलबुल पांडे तो कभी डेविल के कॉप यूनीवर्स का हिस्सा बनने की बातें होती रही हैं।
रोहित शेट्टी के कॉप यूनीवर्स को लेकर सबसे तेजी से फैली खबर बीते हफ्ते की ये रही कि रोहित शेट्टी सूर्यवंशी के बाद किक 2 का निर्देशन करने वाले हैं और इस बारे में उनकी सलमान खान से बात भी हो चुकी है। पहली किक से ही निर्माता साजिद नाडियाडवाला निर्देशक बने थे। उनके प्रोडक्शन हाउस ने इस बात की पुष्टि की है कि किक 2 का निर्देशन भी साजिद ही करेंगे और किक 2 के किसी और निर्देशक के हाथों में जाने की किसी खबर में कोई दम नहीं है।