भारत में फसलों पर हुए टिड्डी दल के हमले से सभी भारतीय किसान परेशान हैं। महामारी के इस दौर में इन किसानों की मदद करने के लिए भारतीय सिनेमा की अभिनेत्री राजश्री देशपांडे ने कुछ गैर सरकारी संस्थाओं और स्वयंसेवकों से हाथ मिलाया है। राजश्री पिछले 50 दिनों से देश में लॉकडाउन होने के कारण केरल में फंसी हुई थीं।
सेक्रेड गेम्स की हीरोइन ने शुरू की किसानों की बात, टिड्डियों से बचाव के लिए उठाए ये कदम
लॉकडाउन के चौथे दौर में जैसे ही सार्वजनिक व्यवस्थाओं में थोड़ी ढील दी गई, राजश्री वापस अपने घर आ गई हैं। महाराष्ट्र के किसानों के लिए इस समय तीन तीन समस्याएं हैं। जिनमें टिड्डी दल का हमला और लॉकडाउन के अलावा सूखा भी है। राजश्री का कहना है कि ये सभी समस्याएं किसानों के जेहन में घबराहट पैदा कर रही हैं।
वह कहती हैं, 'इन रेगिस्तानी टिड्डियों पर हमारा कोई कंट्रोल नहीं है। हम उनकी निगरानी करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन कुछ भी अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। जिन किसानों ने संतरे और अनार उगाने में लगभग दो साल खर्च किए हैं उनके लिए यह बहुत ही चिंता का विषय है। अगर उनकी फसल पर टिड्डियों का हमला होता है तो वह गहरे नुकसान में जा सकते हैं। और इस समय देश की अर्थव्यवस्था तो पहले से ही गड़बड़ाई हुई है।'
लॉकडाउन के इस समय में किसानों के पास रोजगार की भी एक बड़ी समस्या है। अपने होमटाउन औरंगाबाद में राजश्री ने गन्ना किसानों के उद्योग को देश में सेनिटाइजर की खपत ज्यादा होने की वजह से सैनिटाइजर उद्योग में बदल दिया है। वह कहती हैं, 'राज्य में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है इसलिए हमने औरंगाबाद में अपने गन्ना कारखानों को सेनिटाइजर कारखाने में बदल दिया है। इससे किसानों को रोजगार भी मिलेगा और वह स्वयं की रक्षा के लिए तैयार भी रहेंगे।'
राजश्री को आशा है कि अगर इन संकटों से दो कदम आगे रहा जाए तो इन से निजात पाई जा सकती है। लॉकडाउन के दौरान अपनी यात्रा के बारे में बताते हुए राजश्री करती हैं, 'स्वयंसेवक दिन और रात एक कर के काम कर रहे हैं इसलिए यह मेरी जिम्मेदारी है कि मैं उनके साथ हमेशा खड़ी रहूं। मैं मुंबई पहुंच गई हूं और आते ही मैंने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है।' राजश्री को भारतीय सिनेमा में पान नलिन की फिल्म 'एंग्री इंडियन गॉडेस' में एक आक्रामक किरदार के लिए जाना जाता है। वह वेब सीरीज 'सैक्रेड गेम्स' में भी बोल्ड सीन देने के बाद चर्चा में रही थीं।
पढ़ें: जब सुनील दत्त ने परेश रावल को लिखा था खास पत्र, आज भी अभिनेता ने संभाल कर रखी है चिट्ठी