एक्शन फिल्मों के डायरेक्टर रोहित शेट्टी फिल्म 'सिम्बा' की कामयाबी का जश्न मना रहे हैं। गौरतलब है कि फिल्म ने 5 दिन में ही 100 करोड़ के क्लब में एंट्री कर ली थी तो वहीं फिल्म ने अबतक (12 दिनों में) 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। ऐसे में रोहित ने अपनी अगली फिल्म 'सूर्यवंशी' की भी तैयारी शुरू कर दी है जिसमें उन्होंने अक्षय कुमार को बड़ा रोल दिया है।
गौरतलब है कि रोहित शेट्टी ने एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया था कि फिल्म सूर्यवंशी का नाम उन्होंने सलमान खान की फिल्म सूर्यवंशी (1992) की तर्ज पर रखा है। खबर है कि इस फिल्म का नाम रखने के लिए रोहित ने सूर्यवंशी (1992) के निर्देशक विजय घलानी से इसके लिए बात कर ली है। लेकिन बड़ी बात यह है कि इस उनकी हमेशा से पहली च्वॉइस रहे अजय देवगन इस फिल्म में नहीं चुने गए हैं बल्कि अक्षय कुमार को इस फिल्म के लिए फिट माना है।
रोहित ने बताया कि फिल्म सिंघम एक अलग फ्रेंचाईजी है और अक्षय के साथ वो नया प्रोजेक्ट शुरू कर रहे हैं। वहीं, बात करें फिल्म सूर्यवंशी की तो इसमें बड़ा बदलाव किया गया है। अक्षय की फिल्म Sooryavanshi है तो वहीं, सलमान की फिल्म का नाम Suryavanshi था। यानी स्पेलिंग का ही हेर-फेर है। बात करें फिल्म अक्षय कुमार की सूर्यवंशी की तो बता दें कि इसमें वह एंटी टेरेरिज्म स्क्वॉड के चीफ का रोल करेंगे।
वहीं बात करें फिल्म सिम्बा की तो बता दें कि रणवीर सिंह के लिए साल 2018 की शुरुआत बेहद अच्छी रही। पद्मावत ने बॉक्स ऑफिस पर कुल 302.15 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसके बाद साल के आखिर में रिलीज हुई सिम्बा ने अब तक 202.83 करोड़ का बिजनेस कर उन्हें टॉप एक्टर की लिस्ट में शामिल कर दिया है। इस तरह रणवीर सिंह की दो फिल्मों ने कुल 504.98 करोड़ की कमाई कर बड़ा रिकॉर्ड कायम किया है।
गौरतलब है कि सलमान खान के बाद रणवीर सिंह ऐसे दूसरे अभिनेता हैं जो एक ही साल में 500 करोड़ रुपये की कमाई करने में साबित हुए हैं। सलमान खान ने साल 2015 में ये कारनामा कर दिखाया था। बजरंगी भाईजान ने बॉक्स ऑफिस पर 320.34 और प्रेम रतन धन पायो ने 210.16 करोड़ का बिजनेस किया था। दोनों फिल्मों के कुल कलेक्शन को मिला दें तो एक साल में सलमान की इन फिल्मों ने 530.50 करोड़ का बिजनेस किया था। बता दें कि सलमान खान ही बॉलीवुड में पहले ऐसे एक्टर हैं जिन्होंने अपनी फिल्मों से एक साल में 500 करोड़ का बिजनेस किया है।