बागी और बागी 2 की सफलता के बाद सीरीज की तीसरी किश्त का दर्शकों को बेसब्री से इंतज़ार है। फ़िल्म की कास्ट तो पहले ही फाइनल हो चुकी है। टाइगर श्रॉफ, श्रद्धा कपूर और रितेश देशमुख फ़िल्म में मुख्य भूमिका में नज़र आएंगे। अभी, कलाकारों के किरदार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। बागी 3 में रितेश, टाइगर के बड़े भाई के रूप में नज़र आएंगे। इसका खुलासा फ़िल्म के राइटर फरहाद सामजी ने किया है।
2 of 5
tiger shroff
- फोटो : amar ujala
सीरीज की पिछली फिल्मों की तरह, इस फ़िल्म में भी टाइगर अपनी मार्शल आर्ट्स का जलवा बिखेरेंगे, साथ ही रितेश अपने ह्यूमर से कॉमेडी का तड़का भी लगाते नज़र आएंगे। राइटर से डायरेक्टर बने फरहाद सामजी को पूरा भरोसा है कि टाइगर और रितेश की जोड़ी दर्शकों को ज़रूर आश्चर्यचकित करेगी। फरहाद ने ही बागी 3 की कहानी लिखी है।
किरदारों के बारे में खुलासा करते हुए फरहाद ने कहा कि रितेश ज्यादातर अपने कॉमेडी रोल्स के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उन्हें एक विलेन में साइको किलर के किरदार के लिए भी सराहा गया था। फरहाद आगे कहते हैं "कुछ घटनाओं के बाद फ़िल्म मारधाड़ से भरपूर होगी, इसी बीच रितेश कहानी को मनोरंजक बनाने का काम करेंगे। रितेश और टाइगर हमारी फ़िल्म में राम और लखन की तरह हैं।"
श्रद्धा कपूर के बारे में बात करते हुए डायरेक्टर ने बताया "उनका किरदार पिछली फिल्म की तरह खुले दिल की और हिम्मत वाली लड़की का है। वह इस फ़िल्म में रितेश की साली का किरदार निभाने वाली हैं। श्रद्धा की बड़ी बहन के रूप में अंकिता लोखंडे होंगी, जो रितेश से शादी रचाएंगी।"
फ़िल्म का बचा हुआ शूट अगले महीने से सर्बिया में शुरू होगा, जो दिसंबर तक चलेगा। फ़िल्म की पूरी स्टार कास्ट इसका हिस्सा रहेगी। आपको बता दें कि फ़िल्म के प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला और डायरेक्टर अहमद खान हैं। अगले साल मार्च में फ़िल्म के रिलीज होने की सम्भावना है।