साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' को कौन भूल सकता है। इस फिल्म को 'प्यार का पंचनामा' का फीमेल वर्जन करार दिया गया था। फिल्म में चार लड़कियों की कहानी को दर्शाया गया था जो अपने करियर और निजी जिंदगी में गच्चा खा रही होती हैं। फिल्म में यह चारों किरदार करीना कपूर, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर और शिखा तलसानिया ने निभाया था।
फिल्म की निर्माता रिया कपूर इस फिल्म की दूसरी किस्त लाने की तैयारी में हैं। रिया के अनुसार फिल्म की दूसरी पार्ट में करीना कपूर एक स्ट्रीपर की भूमिका निभाती हुई नजर आएंगी। दरअसल करीना कपूर के चैट शो 'वॉट वुमेन वॉन्ट' के लेटेस्ट एपिसोड में रिया कपूर पहुंची। इस मौके पर करीना ने रिया से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। इस दौरान करीना ने फिल्मों से लेकर रिया के परिवार से जुड़े भी कुछ सवाल पूछे।
एपिसोड के अंत में करीना ने रिया को कुछ प्रोफेशन जैसे चाटवाला, बेकर, पॉलिटिशयन के नाम दिए और वह प्रोफेशन उनके परिवार के किस सदस्य पर सटीक बैठता है उसके बारे में बताने को कहा। इस सेगमेंट के अंत में करीना ने पूछा, 'स्ट्रिपर कौन है।'
सवाल पूछते ही करीना ने तपाक से कहा, 'मुझे लगता है कि यह कैटेगरी तुम्हें अपने लिए लेनी चाहिए। क्योंकि तुम शूटिंग के दौरान थोड़े बोल्ड शॉट देने के लिए कहती हो।' जवाब में रिया ने कहा, 'मैं यह टाइटल लेती हूं और मुझे लगता है कि कांलिदी (करीना) 'वीरे दी वेडिंग 2' में स्ट्रिपर बन रही है। मैं ब्रेकिंग न्यूज दे रही हूं।'
इससे पहले एक इंस्टाग्राम लाइव के दौरान रिया ने इस बात की पुष्टि की थी कि 'वीरे दी वेडिंग' का सीक्वल कतार में है। उन्होंने कहा था, 'मुझे लगता है कि यह असल में होने जा रहा है। मुझे लगता है कि मैंने जो सोचा था यह उससे पहले हो सकता है। लेकिन परिस्थिति सकारात्मक लगती है। मैं इसे लेकर उत्साहित हूं। गौरतलब है कि रिया 'वीरे दी वेडिंग', करीना के साथ ही बनाना चाहती थी इस वजह से ही उन्होंने करीना की डिलीवरी तक इंतजार किया और उसके बाद ही फिल्म बनाई। यह फिल्म साल 2018 में शशांक घोष द्वारा निर्देशित की गई थी।