भारतीय सिनेमा के इस साल के अब तक के सबसे बड़े सितारे बन कर उभरे अभिनेता विजय की फिल्म ‘मास्टर’ की ब्लॉकबस्टर कमाई ने हिंदी सिनेमा के तमाम बड़े सितारों के लिए बेचैनी के हालात पैदा कर दिए हैं। सब चाहते हैं कि दर्शक सिनेमाघरों में लौटें लेकिन कोई अपनी फिल्म सबसे पहले रिलीज नहीं करना चाहता। ऐसे में हीरो नंबर वन रणवीर सिंह के सिर हिंदी की पहली मेगा बजट फिल्म को सिनेमाघरों तक लाने का सेहरा बंधता दिख रहा है। उनकी फिल्म ‘83’ को अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की जगह सिनेमाघरो में रिलीज करने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
2 of 5
सूर्यवंशी
- फोटो : अमर उजाला
दिवाली के बाद से ही सिनेमाघरों के खुलने पर सबसे पहली जिस मेगा बजट हिंदी फिल्म के रिलीज होने का इंतजार दर्शकों को रहा है, वह अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ ही है। लेकिन, अक्षय की फिल्म ‘लक्ष्मी’ ने उनकी ब्रांडिंग पर गहरा असर डाला है। बीच में उनकी एक और फिल्म ‘बेल बॉटम’ के भी सीधे ओटीटी पर रिलीज होने की चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। अक्षय कुमार की चार फिल्में ‘सूर्यवंशी’, ‘बेल बॉटम’, ‘पृथ्वीराज’ और ‘अतरंगी रे’ बनकर तैयार हैं, लेकिन किसी भी फिल्म के निर्माता की हिम्मत नहीं हो रही है कि वह इनकी फाइनल रिलीज डेट की घोषणा कर सके। ‘बेल बॉटम’ की रिलीज डेट भी बदल चुकी है।
3 of 5
सूर्यवंशी की टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की होली के मौके पर रिलीज की तैयारियों को वॉर्नर ब्रदर्स की एक्शन फिल्म ‘गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग’ की रिलीज की तैयारियों से भी तगड़ा झटका लगा है। हॉलीवुड की इतनी बड़ी एक्शन फिल्म के सामने अपनी एक्शन फिल्म लाने से ‘सूर्यवंशी’ बनाने वाली रिलायंस एंटरटेनमेंट भी कतरा रही है। इस बीच ओटीटी पर लगातार मानवीय संवेदनाओं वाली कहानियों के हिट होते जाने से भी फिल्म निर्माताओं के बीच अलग सी हलचल है। आर माधवन की फिल्म ‘मारा’ नए साल की पहली ऐसी हिट फिल्म है, जिसने हिंदी फिल्म निर्माताओं को भी दर्शकों के बदले व्यवहार की बड़ी झलक दिखाई है।
4 of 5
रणवीर सिंह
- फोटो : Amar Ujala, Mumbai
मानवीय संवेदनाओं की कहानियों की तरफ दर्शकों के खिंचाव का ही असर है कि रिलायंस एंटरटेनमेंट के भीतर अब भारतीय क्रिकेट टीम की 1983 के वर्ल्ड कप की जीत की कहानी को बड़े परदे पर रिलीज करने की बात शुरू हो गई है। तब कपिल देव की टीम ने करीब करीब वैसे ही माहौल में दिग्गज वेस्टइंडीज की टीम पर जीत हासिल की थी, जैसी अजिंक्य रहाणे के नेतृत्व में टीम इंडिया ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया पर हासिल की है। भारतीय टीम के पक्ष में बने इस माहौल का भी फिल्म ‘83’ को फायदा मिलता दिख रहा है।
5 of 5
कपिल देव- रोमी देव, रणवीर सिंह- दीपिका पादुकोण
- फोटो : social media
सूत्र बताते हैं कि रिलायंस एंटरटेनमेंट में इन दिनों अपनी दो मेगा बजट फिल्मों में अटके पैसे और इन पैसों की लगातार बढ़ रही लागत को लेकर शीर्ष स्तर पर बेचैनी देखी जा रही है। ‘सूर्यवंशी’ की मार्केट रिपोर्ट अच्छी न मिलने के बाद ही कंपनी ने इसकी रिलीज टाली है, लेकिन सूत्र बताते हैं कि कंपनी किसी भी सूरत में अपनी दोनों फिल्मों ‘सूर्यवंशी’ या ‘83’ में से किसी एक को मार्च महीने में जरूर रिलीज कर देगी। और, मौजूदा हालात फिल्म ‘83’ के पक्ष में ज्यादा है। रिलायंस एंटरटेनमेंट को अनिल अंबानी समूह की कंपनियों में इकलौती मुनाफे वाली कंपनी माना जाता है, और इसके ग्रुप सीईओ शिबाशीष सरकार चाहते हैं कि मौजूदा वित्तीय वर्ष भी वह इस कंपनी का मुनाफे के साथ ही संपन्न करें।
पढ़ें: अब ना हंसाएंगे कपिल शर्मा ना डराने आएगी नागिन, बंद होने जा रहे हैं आपके ये पसंदीदा शोज