अक्षय कुमार की फिल्म 'पैडमैन' आज बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हो गई है। इस फिल्म को क्रिटिक्स की तरफ से मिक्स रिव्यू मिल रहे हैं। ऐसे में पहले दिन यह फिल्म कितनी कमाई कर पाएगी यह तो कहना मुश्किल है लेकिन इतना जरूर है कि इस फिल्म के बाद लोग जागरूक जरूर होंगे। इस फिल्म के रिलीज होते ही खिलाड़ी कुमार के साथ बॉलीवुड के खिलजी ने एक फनी वीडियो शेयर किया है।
इस वीडियो के जरिए रणवीर सिंह अक्षय की फिल्म 'पैडमैन' को प्रमोट करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में अक्षय और रणवीर फनी स्टाइल में 'पैडमैन' फिल्म के टाइटल ट्रैक सुपरहीरो पर डांस करते हुए हाथ में सैनिटरी नैपकिन पकड़े हुए हैं।
वीडियो को 'पद्मावत' एक्टर रणवीर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इसके साथ ही एक खूबसूरत कैप्शन भी लिखा है। रणवीर ने लिखा - 'मेरे सुपरहीरो को पैडमैन फिल्म के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।'
आपको बता दें, 'पैडमैन' फिल्म को आर बाल्की ने डायरेक्ट किया है जो आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ठीक ठाक कमाई कर रही है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि यह फिल्म अपनी धाक जमाने में कामयाब होती है या फिर नहीं?