बॉलीवुड के 'खिलजी' रणवीर सिंह अब 'सिम्बा' भी कहलाने लगे हैं। शुक्रवार को रिलीज हुई इस साल की उनकी आखिरी फिल्म सिम्बा को लेकर वह बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। ऐसे में पहले ही दिन रणवीर सिंह फिल्म को लेकर दर्शकों का रिएक्शन देखने मुंबई के थिएटर्स घूमने निकल पड़े हैं।
बांद्रा के मशहूर गेइटी गैलेक्सी कॉम्प्लेक्स में तो रणवीर दर्शकों को देखकर इतने उत्साहित हो गए कि थिएटर की छत पर जा चढ़े। फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी जो कि खतरनाक स्टंट्स करनेे के लिए मशहूर हैं, वह भी रणवीर के साथ ऊपर चढ़ गए। देखिए ये वीडियो...
बता दें कि रोहित शेट्टी की फिल्म सिम्बा उनके अपने ही रचे सिंघम के संसार को आगे बढ़ाती है। लेकिन, इस संसार में सिंघम को देखकर बड़ी हुई पीढ़ी का नया चेहरा है। ये चेहरा ऐशो आराम की जिंदगी जीना चाहता है। सिंघम के ईमान में इसलिए दम था क्योंकि उसकी जरूरतें कम थीं।
रोहित शेट्टी की हर फिल्म का यही स्टाइल रहा है। बतौर निर्माता रोहित को ये पैसा भी खूब देता है। लेकिन, बतौर निर्देशक वह एक ही जगह जमकर खड़े हैं। आगे बढ़ नहीं रहे या आगे बढ़ना ही नहीं चाहते। अदाकारी के मामले में रणवीर सिंह सब पर भारी हैं। यहां तक कि जब फ्रेम में वह अजय देवगन के साथ होते है तो भी इक्कीस ही नजर आते हैं।
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी के लिए जोमोन टी जॉन को पूरे नंबर मिलते हैं, हालांकि बंटी नागी का संपादन उतना चुस्त नहीं है। इंटरवल के बाद फिल्म की एडिटिंग थोड़ी और चुस्त हो सकती थी। अगर आप रणवीर सिंह के फैन हैं ये आपके लिए अच्छा टाइमपास हो सकती है।