इन दिनों रानी मुखर्जी की फिल्म 'हिचकी' काफी चर्चा में हैं। यह फिल्म 23 मार्च को रिलीज हुई थी। फिल्म में टीचर की भूमिका निभा रहीं रानी मुखर्जी ने अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया है। रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही रानी ने खुद की ही फिल्म को पीछे छोड़ दिया है।
दरअसल 'हिचकी' ने साल 2014 में आई रानी मुखर्जी की फिल्म 'मर्दानी' का ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जी हां फिल्म ने महज दो हफ्तें में ही रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर ली है। इसके साथ ही फिल्म 'हिचकी' कमाई के मामले में साल 2018 की अब तक की छठी ऐसी फिल्म बन गई है जिसने सबसे ज्यादा कमाई की है।
बात करें फिल्म के कलेक्शन की तो 30 मार्च को टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'बागी 2' रिलीज हुई इसके बावजूद 'हिचकी' ने अपनी रफ्तार बरकरार रखी है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, 'फिल्म ने रिलीज के दूसरे शुक्रवार को 2.40 करोड़, शनिवार को 2.60 करोड़, रविवार को 3.40 करोड़ और सोमवार को 1.10 करोड़ रुपए कमाए हैं। इस तरह फिल्म ने 35.60 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है।'
'हिचकी' फिल्म महज 986 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है फिर भी 5 दिन के अंदर लागत निकालने में कामयाब रही। यशराज बैनर की यह फिल्म 20 करोड़ के बजट में बनी है। फिल्म में रानी मुखर्जी के अलावा और कोई भी बड़ा स्टार नहीं है लेकिन उनकी एक्टिंग और जबरदस्त स्क्रिप्ट के चलते हर कोई वाहवाही कर रहा है।