रणबीर कपूर की फिल्म 'संजू' को रिलीज हुए एक महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है। 'संजू' फिल्म ने न केवल भारत में अपनी कामयाबी के झंडे गाड़े हैं बल्कि इस फिल्म ने रिलीज के एक महीने बाद एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस नए रिकॉर्ड से रणबीर कपूर की फिल्म 'संजू' का कद इतना बढ़ गया है कि उस मुकाम तक पहुंच पाना बाकी फिल्मों के लिए मुश्किल है।
रणबीर कपूर की फिल्म 'संजू' 29 जून को रिलीज हुई थी। रिलीज के साथ ही इस फिल्म ने छप्परफाड़ कमाई से पहले दिन ही 'बाहुबली 2' फिल्म का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। इसके बाद मानों रिकॉर्ड तोड़ने की झड़ी ही लग गई। कुछ देर पहले ही फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने ट्वीट किया है। इस ट्वीट के मुताबिक 'रणबीर कपूर की फिल्म 'संजू' ने ऑस्ट्रेलिया में कमाई के मामले में प्रभास की 'बाहबुली 2' का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसके साथ ही यह फिल्म तीसरी हाईएस्ट ग्रोसर फिल्म बन गई है।'
आंकड़ों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया में कमाई के मामले में पहले नंबर पर 'पद्मावत', दूसरे नंबर पर 'दंगल' और तीसरे पर 'संजू' है। वहीं चौथे नंबर पर 'बाहुबली 2' और पांचवें नंबर पर 'पीके' फिल्म है। अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि 'संजू' फिल्म जल्द ही चीन में इतिहास रचेगी। खबरों की मानें तो भारत और ऑस्ट्रेलिया में छप्परफाड़ कमाई करने के बाद रणबीर कपूर की 'संजू' अब चीन में डंका बजाएगी। फिल्म की अपार सफलता के बाद फॉक्स स्टार स्टूडियोज भी खुश है। जिसके बाद उन्होंने फिल्म से जुड़ा बड़ा फैसला लिया है।
फिल्म के सुपरहिट होते ही फॉक्स स्टार स्टूडियोज के सीईओ विजय सिंह ने कहा- 'संजू पर चाइनीज डिस्ट्रीब्यूटर्स ने दिलचस्पी जताई है। जहां तक है कि संजू साल के अंत तक चीन में रिलीज हो सकती है। चाइनीज दर्शकों को भावुक फिल्में पसंद आती है। दंगल में बाप और बेटी की कहानी थी जिसे लोगों का खूब प्यार मिला था। इसी वजह से संजू फिल्म पर चीन के कई डिस्ट्रीब्यूटर्स अपनी दिलचस्पी ज्यादा दिखा रहे हैं।'
'संजू' फिल्म से पहले बॉलीवुड की कई फिल्मों को चीन में रिलीज किया जा चुका है जिसमें दंगल, बजरंगी भाईजान, सीक्रेट सुपरस्टार और पैडमैन फिल्में शामिल हैं। इन सभी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि रणबीर कपूर की 'संजू' फिल्म चीन में कितनी कमाई कर पाती है।