रणबीर कपूर जहां एक ओर आलिया भट्ट से अपने अफेयर को लेकर चर्चा में हैं तो वहीं वो अपनी आने वाली फिल्म 'संजू' के प्रमोशन में भी व्यस्त हैं। इसी दौरान रणबीर ने फिल्म की शूटिंग से जुड़े कई किस्से शेयर किए।
मीडिया के साथ एक प्रमोशनल इंटरव्यू के दौरान जब रणबीर से पूछा गया कि फिल्म में ऐसा कौन सा सीन था जिसकी शूटिंग करते वक्त वो इमोशनल हो गए थे तो उन्होंने संजय दत्त की पहली फिल्म ‘रॉकी’ के प्रीमियर का नाम लिया।
इस सीन को फिल्माते समय खुद रणबीर कपूर बहुत इमोशनल हो गए थे। बता दें कि 'रॉकी' की रिलीज के समय संजय दत्त की मां नरगिस दत्त की तबियत बहुत खराब हो गई थीं। इधर रॉकी की रिलीज डेट नजदीक आ रही थी और उधर संजय दत्त नशे की लत में फंसते जा रहे थे। यही नहीं नरगिस की मौत के वक्त भी संजय दत्त नशे की हालत में थे।
बता दें, इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्म में अगर कोई टॉप पर है तो वो फिल्म है संजय दत्त की बायोपिक 'संजू'। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही लोगों में इस फिल्म को देखने का जबरदस्त क्रेज है। दर्शक रणबीर की एक्टिंग की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
‘संजू’ 29 जून को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में रणबीर के अलावा परेश रावल, विकी कौशल, अनुष्का शर्मा, सोनम कपूर, मनीषा कोईराला और बोमन ईरानी जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की सफलता के कयास अभी से ही लगाए जा रहे हैं।