रोमांस के बादशाह शाहरुख खान ने ना सिर्फ अपनी एक्टिंग से लोगों का दिल जीता है बल्कि लाखों लोगों को उन्होंने सपने देखने के लिए प्रेरित भी किया है। बॉलीवुड की इस दुनिया में जहां शुरू से ही स्टार किड्स का दबदबा रहा है वहां शाहरुख ने अपनी मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाई और हर कलाकार को पीछे छोड़ दिया। ये ही वजह है कि आम लोग ही नहीं बल्कि बॉलीवुड के कई सितारे भी शाहरुख के जीवन को प्रेरणा मानते हैं। इन लोगों की लिस्ट में प्रतिभावान एक्टर राजकुमार राव का नाम भी शामिल है।
शाहरुख खान की वजह से ही एक्टर बने राजकुमार राव, ऐसी थी किंग खान से पहली मुलाकात
राजकुमार राव ने बॉलीवुड में अपनी प्रतिभा अपने एक्टिंग के दम पर साबित की है। हाल ही में उन्होंने अपने दिल का राज खोला है और बताया है कि उनके एक्टर बनने की वजह शाहरुख खान हैं। राजकुमार राव का कहना है कि वो शाहरुख खान की वजह से ही एक अभिनेता बन पाए हैं और उन्हें अपना आदर्श मानते हैं।
राजकुमार राव ने कहा कि, 'मैं शाहरुख सर की वजह से आज एक एक्टर हूं। स्क्रीन पर उन्हें हमेशा देखता था और उनके चलते ही इंडस्ट्री में आया भी। इसकी वजह ये है कि मैं उनकी यात्रा में जुड़ना चाहता था। उन्होंने मुझे सिखाया है कि अगर आपने कोई सपना देखा है तो उसके लिए पूरे मन से काम करते हैं तो वो सपना जरुर पूरा होगा'।
'स्त्री' एक्टर ने आगे कहा कि, 'हम सभी जानते हैं कि शाहरुख कितने चार्मिंग हैं और कैसे हर किसी को स्पेशल फील कराते हैं। ऑन्कस्क्रीन हो या ऑफस्क्रीन उनसे हर जगह कुछ ना कुछ सीखा जा सकता है'। बता दें कि शाहरुख दिल्ली शहर से निकल कर मुंबई पहुंचे और अपने दम पर एक्टर बनें। उन्हें देखकर आज भी लाखों लोग प्रेरित होते हैं कि एक आम इंसान भी बॉलीवुड का बादशाह बन सकता है।
राजकुमार राव ने शाहरुख से अपनी मुलाकात का किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि 'क्वीन' फिल्म के हिट होने के बाद उनकी शाहरुख खान से मुलाकात हुई थी। वो महबूब स्टूडियो में शूटिंग कर रहे थे जब उनकी मुलाकात शाहरुख खान से हुई। इसके बाद तो शाहरुख खान के प्रति उनकी दीवानगी और ज्यादा बढ़ गई। राव ने कहा कि, 'मैं पहले से उनका फैन था, लेकिन मुलाकात के बाद और बड़ा वाला फैन हो गया'। बता दें कि शाहरुख और राजकुमार ने साथ में फिल्मफेयर होस्ट किया है और दोनों की मस्ती फैंस को खूब पसंद आई थी।