रजनीकांत के फैंस उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'काला' का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म के टीजर ने लोगों को दीवाना कर दिया है। इस टीजर में उनके अंदाज और दमदार डायलॉग्स को काफी पसंद किया गया। टीजर के रिलीज होते ही इसे करोड़ों लोगों ने देख लिया लेकिन ऐसा लग रहा है रजनीकांत के फैंस को निराशा हाथ लग सकती है।
दरअसल, पिछले दो हफ्ते से दक्षिण भारतीय फिल्म प्रोड्यूसर्स और डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर्स के बीच पैसों को लेकर विवाद जारी है। कुछ दिनों पहले ही प्रोड्यूसर्स ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में हड़ताल का आह्वान किया। तमिल फिल्म प्रोड्यूसर्स काउंसिल (TFPC) ने पैसों के विवाद को सुलझाने पर जोर दिया है। यही नहीं तमिलनाडु में 16 मार्च को बंद बुलाया है। उनका कहना है कि सरकार ने उनसे वादा किया कि वह इस विवाद को सुलझाएंगे। स्थानीय सिनेमाघरों ने 5 मांगों की लिस्ट सौंपी है जिसमें राज्य सरकार जो टैक्स वसूलती है वह भी शामिल है।
फिल्म प्रोड्यूसर्स का कहना है कि, अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो 16 मार्च से किसी फिल्म की शूटिंग नहीं होगी और ना ही पोस्ट प्रोडक्शन का काम होगा। इस दौरान कोई नई फिल्म रिलीज नहीं होगी। 16 मार्च से तमिल फिल्म इंडस्ट्री पूरी तरह से बंद रहेगी। ऐसे में अगर एक दिन तमिल फिल्म इंडस्ट्री का काम ठप होता है तो करीब 10 से 15 करोड़ का नुकसान होगा।
तमिल फिल्म इंडस्ट्री के इस तरह बंद बुलाने से रजनीकांत की फिल्म 'काला' के रिलीज डेट पर फर्क पड़ सकता है। फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन का कुछ काम बाकी है। माना जा रहा है ऐसी स्थिति में 'काला' की रिलीज डेट आगे बढ़ सकती है।
बता दें कि, 'काला' 27 अप्रैल को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में हुमा कुरैशी और नाना पाटेकर नजर आएंगे। यह फिल्म मूलत: तमिल भाषा में है। फिल्म का निर्देशन पा. रंजीत ने किया है जबकि धनुष इसके निर्माता हैं।