दर्शकों को लंबे समय से अक्षय कुमार और रजनीकांत की फिल्म 2.0 की एक झलक का इंतजार था। गणेश चतुर्थी के मौके पर फिल्म के टीजर को रिलीज किया गया है। टीजर में आपको अक्षय कुमार एक अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं। रिलीज के बाद से ही ये टीजर ट्रेंडिंग में बना हुआ है।
टीजर को सिर्फ 24 घंटे के अंदर 3 करोड़ 50 लाख से ज्यादा बार देखा चुका हैं। यूट्यूब पर इस टीजर को देखने वालों की संख्या ही बता रही है कि फैंस को इस फिल्म का कितनी बेसब्री से इंतजार है। '2.0' फिल्म का टीजर गणेश चतुर्थी के मौके पर गुरुवार को सुबह 9 बजे रिलीज किया गया। इसके बाद से ही लोगों में इसे देखने की होड़ लगी है।
2.0 को भारत की सबसे महंगी मूवी कहा जा रहा है। फिल्म की रिलीज में अभी टाइम है। फिल्म 29 नवंबर को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हो रही है। फिल्म में भले ही लीड रोल सुपरस्टार रजनीकांत कर रहे हों, लेकिन विलेन का किरदार निभा रहे बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार का किरदार भी पसंद किया जा रहा है।
डेढ़ मिनट के इस टीजर में दिखाया गया है कि पक्षियों का झुंड आसमान में मंडरा रहा है और फिर अचानक सबके मोबाइल फोन गायब हो जाते हैं। तब रजनीकांत, एमी जैक्शन और बाकी टीम कहती है कि इस मुसीबत से लड़ने के लिए सुपर पॉवर की जरूरत है और चिट्टी यानी रोबोट को फिर से बनाया जाता है।
डेढ़ मिनट के इस टीजर में ये नहीं दिखाया गया कि लोगों के पास से मोबाइल फोन गायब होने का क्या कारण है। फिल्म के टीजर को देखने के बाद फैंस की बेताबी और बढ़ गई है। यह फिल्म 2010 में आई फिल्म 'एंथिरन' (रोबोट) की सीक्वल है, जिसमें ऐश्वर्या राय बच्चन भी थीं। ऐश्वर्या की जगह फिल्म '2.0' में एमी जैक्सन नजर आएंगी।