हिंदी सिनेमा में कई ऐसे अभिनेता हुए हैं, जिन्होंने अपने अभिनय और अपनी अलग पर्सनैलिटी के चलते अलग छाप छोड़ी है। इन अभिनेताओं ने अपनी हर एक बात का फैंस को दीवाना बना दिया। आज हम बात कर रहे हैं अभिनेता राज कुमार के बारे में। जिन्होंने अपनी कमाल की एक्टिंग, कड़क आवाज और अपने खास अंदाज से लोगों को अपना कायल कर दिया। राज कुमार ने कई ऐसे डायलॉग दिए, जो आज भी लोगों की जुबां पर हैं। राज कुमार रियल लाइफ में भी शान से जीने वाले इंसान थे। तो वहीं उनकी लव लाइफ की बात करें तो उनका दिल दो हसीनाओं पर आया था। लेकिन अफसोस की दोनों के साथ ही उनका प्यार अधूरा ही रह गया।
‘जानी.. हम तुम्हे मारेंगे, और ज़रूर मारेंगे…लेकिन वो बंदूक भी हमारी होगी, गोली भी हमारी होगी और वक़्त भी हमारा होगा’ ऐसे ही कई हिट डायलॉग देने वाले राज कुमार ने महज 26 साल की उम्र में साल 1952 में आई फिल्म ‘रंगीली’ से फिल्मों की दुनिया में अपने कदम रख दिए थे, लेकिन उन्हें पहचान साल 1957 में आई फिल्म ‘नौशेरवां-ए-दिल’ से मिली थी। इस फिल्म के हिट होने के बाद लोगों की जुबां पर एक ही नाम था और वो था राज कुमार। इसके बाद राज कुमार ने एक से बढ़कर एक हिट फिल्मों में काम किया।
राज कुमार का अंदाज बेहद निराला था लेकिन उनके इसी अंदाज से लोग प्रभावित हो जाते थे। राज कुमार ने एक फिल्म को सिर्फ इसलिए ठुकरा दिया था क्योंकि उन्हें निर्देशक की शक्ल पसंद नहीं थी और ये फिल्म थी 'जंजीर'। जी हां, वही 'जंजीर' जिसने अमिताभ बच्चन सुपरस्टार बना दिया था। फिल्म का निर्देशन प्रकाश मेहरा ने किया था और राज कुमार ने उनके सामने ही इस बात को बोल दिया था।
राज कुमार प्यार के मामले में अलग मिजाज के थे। वो अपनी मोहब्बत का इजहार भी खुलकर करते थे। उन्होंने फिल्म 'पाकीज़ा' में अभिनेत्री मीना कुमारी के साथ काम किया था। इसी दौरान वो मीना पर अपना दिल हार बैठे थे। हालांकि, उस वक्त मीना कुमारी शादीशुदा थी। लेकिन राज कुमार इससे परे एकतरफा प्यार में ही रहें और उनके इस प्यार को मंजिल ना मिल सकी।
तो वहीं राज कुमार का दिल दूसरी बार आया 'ड्रीम गर्ल' हेमा मालिनी पर। फिल्म 'लाल पत्थर' में राज कुमार और वैजयंतीमाला को कास्ट किया गया था। लेकिन राज चाहते थे कि फिल्म में हेमा हो। राज कुमार ने निर्देशक एफ सी मेहरा से वैजयंतीमाला की जगह हेमा मालिनी को कास्ट करने की जिद की थी। लेकिन हेमा मालिनी के पास जब इस फिल्म का प्रपोजल पहुंचा तो उन्होंने साफ मना कर दिया। राज कुमार भी कहा मानने वाले थे, वो पहुंच गए हेमा को मनाने। उन्होंने हेमा मालिनी से इस फिल्म में काम करने की गुजारिश की थी और हेमा फिल्म में काम करने के लिए तैयार हो गईं।