हाल ही में रिलीज हुई अजय देवगन की फिल्म 'रेड' ने बॉक्स ऑफिस पर हंगामा मचाया हुआ है। फिल्म ने अब तक कुल 66.60 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने लगभग 90 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। जबकि दो दिनों में यह आंकड़ा 100 करोड़ तक पहुंच जाएगा। इस बीच 'रेड' एक्टर अजय देवगन ने कहा कि वह उन्हीं फिल्मों से जुड़ते हैं, जो उन्हें पसंद आती है।
रेड से पहले अजय मराठी फिल्म 'आपला मानूस' में भी नजर आए थे। मराठी फिल्म में काम करने को लेकर जब अजय देवगन से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, 'जब मैं अच्छी पटकथा सुनता हूं तो मैं उसमें काम करना चाहता हूं। जब मैंने 'आपला मानूस' की यह पटकथा सुनी, तो मुझे यह शानदार लगी। रिलीज के बाद इस फिल्म की तारीफ की गई। मैं कोई भी चीज तभी करता हूं अगर वह मुझे पसंद आती हैं।'
रेड के शानदार प्रदर्शन के बाद अजय देवगन 'तानाजी- द अनसंग योद्धा' को लेकर बिजी हैं। इस फिल्म में वह शिवाजी की सेना के नेता सुबेदार तानाजी मालुसरे के किरदार में नजर आएंगे। जल्द ही इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी। इसके अलावा अजय एक और कॉमेडी फिल्म में नजर आएंगे फिल्म का नाम फिलहाल तय नहीं है। रोहित शेट्टी की फिल्म गोलमाल सीरिज में अजय देवगन कॉमेडी करते नजर आए थे। सभी फिल्मों को दर्शकों ने काफी सराहा था। अब देखना यह है कि अजय अपनी इस अपकमिंग कॉमेडी फिल्म से दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब हो पाते हैं या नहीं।
बात करें हाल ही में रिलीज हुई अजय देवगन और इलियाना डिक्रूज की फिल्म 'रेड' की तो दर्शक इसे काफी पसंद कर रहे हैं। फिल्म की कमाई को देखते हुए ट्रेड पंडितों के अनुसार 'रेड' जल्द ही 100 करोड़ क्लब में एंट्री ले सकती है।
राजकुमार गुप्ता के निर्देशन में बनी फिल्म रेड को अपनी दमदार कहानी, स्टारकास्ट और डायलॉग्स की वजह से बेहद पसंद किया जा रहा है। इस फिल्म में अजय देवगन के अलावा सौरभ शुक्ला की एक्टिंग की भी जमकर तारीफ की जा रही है। फिल्म उत्तर प्रदेश में 80 के दशक में हुई इनकम टैक्स रेड पर आधारित है।