बॉलीवुड फिल्मों में प्रियंका चोपड़ा लंबे समय से नजर नहीं आईं। ऐसे में प्रियंका के फैंस उन्हें फिर से फिल्मों में देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। प्रियंका कुछ समय के लिए भारत आई थीं लेकिन 'क्वांटिको' की शूटिंग की वजह से उन्हें आयरलैंड जाना पड़ा। वहीं अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि प्रियंका सलमान खान के साथ 'भारत' फिल्म में नजर आ सकती हैं। हालांकि इसके लिए उन्हें 'क्वांटिको' सीरियल को छोड़ना पड़ सकता है।
सूत्रों की मानें तो प्रियंका को 'भारत' फिल्म की कहानी पसंद आई है। वह फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड भी है। उन्होंने अभी तक प्रोजेक्ट साइन नहीं किया है। अगर प्रियंका इस फिल्म को साइन करती हैं तो वह 'क्वांटिको' के चौथे सीजन में नजर नहीं आएंगी।
सूत्रों की मानें तो प्रियंका 'क्वांटिको' के चौथे सीजन को लेकर कुछ ज्यादा एक्साइटेड नहीं है। उनका मानना है कि सीरीज को आगे बढा़ने से फैंस का एक्साइटमेंट कम हो जाएगा। इसके साथ ही कहा जा रहा है कि वह इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स की बजाय अब हिंदी फिल्मों की ओर दोबारा रुख करना चाहती हैं।
प्रियंका इन दिनों 'क्वांटिको' सीजन 3 की शूटिंग में बिजी है। सीरियल का प्रमोशन करने के बाद वह जल्द ही भारत लौट आएंगी। हालांकि 'क्वांटिको' के चौथे सीजन को लेकर आधिकारिक रूप से कोई भी बयान सामने नहीं आया है। तीसरे सीजन के ऑन एयर होते ही इसका ऐलान किया जा सकता है।
'क्वांटिको' के चौथे सीजन के लिए प्रियंका ने अभी तक मेकर्स को मना नहीं किया है। आपको बता दें, 'भारत' का निर्देशन अली अब्बास जफर कर रहे हैं जो सलमान के साथ 'सुल्तान' और 'टाइगर जिंदा है' जैसी सुपरहिट फिल्में दे चुके हैं। वहीं प्रियंका इससे पहले सलमान के साथ 'मुझसे शादी करोगी', 'सलाम-ए-इश्क' और 'गॉड तुसी ग्रेट हो' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।