फिल्म अभिनेता जितेंद्र के खिलाफ 47 साल पुराने यौन उत्पीड़न के मामले में महिला थाना न्यू शिमला में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जितेंद्र की एक करीबी महिला रिश्तेदार ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला ने अपने वकील के माध्यम से फरवरी महीने में हिमाचल के पुलिस महानिदेशक को ई-मेल से शिकायत भेज कर जितेंद्र पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पीड़ित महिला के साथ पुलिस लगातार संपर्क में है। महिला शिमला आने और मजिस्ट्रेट के सामने बयान देने के लिए तैयार हो गई है।
इसके बाद ही पुलिस जितेंद्र पर कानूनी शिकंजा कसेगी। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया गया है कि साल 1971 में शिमला के एक होटल में जितेंद्र ने उनका यौन उत्पीड़न किया। उस समय महिला की उम्र 18 साल की थी और जितेंद्र 28 साल के थे।
महिला के मुताबिक, रवि कपूर (जितेंद्र) कार में उसके दिल्ली स्थित घर आया। कार में ड्राइवर और दो अन्य फिल्म स्टार भी थे। उसे कहा गया कि शिमला में फिल्म की शूटिंग देखने चलना है। वह जितेंद्र के साथ कार में बैठ गई और सभी शिमला आ गए।
महिला के मुताबिक जब शिमला पहुंचे तो सीधे होटल चले गए। वह थक चुकी थी, इसलिए होटल के कमरे में सो गई। रात को जब वह सोई हुई थी तो जितेंद्र उसके कमरे में आए और यौन उत्पीड़न किया। पीड़ित महिला का कहना है कि वह इतने साल अपने पिता की वजह से चुप रही। अब पिता के निधन के बाद उन्होंने शिकायत करने का फैसला किया।