निर्माता-निर्देशक
संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' को भले ही
पाकिस्तान में हरी झंडी मिल गई हो, लेकिन इस मुस्लिम बाहुल देश में इस फिल्म को बैन कर दिया गया है। भारत में इस फिल्म को लेकर भंसाली पर राजपूत समाज की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा था। जानिए, इस देश में क्यों बैन हुई पद्मावत..
मलेशिया के सेंसर बोर्ड ने 'पद्मावत' को मुस्लिम भावनाएं आहत करने वाली फिल्म करार देते हुए बैन किया है, हालांकि एक कारण और भी है। मलेशिया की नेशनल फिल्म सेंसरशिप बोर्ड के चेयरमैन मोहम्मद जम्बेरी अब्दुल अजीज के अनुसार यह फिल्म इस्लाम की भावनाओं के खिलाफ है। गौरतलब है कि मलेशिया मुस्लिम बहुल देश है।
फिल्म में मुगल शासक अलाउद्दीन का नकारात्मक किरदार दिखाने से इस देश के वासी नाराज हैं। मोहम्मद जम्बेरी के मुताबिक, फिल्म का कंटेंट मलेशियाई लोगों के लिए चिंता का विषय हो सकता है। इसकी कहानी से लोगों की भावनाएं आहत होंगी।' बता दें कि फिल्म में खिलजी को हिंसक, लालची और वहशी दिखाया गया है।
हालांकि मलेशिया में फिल्म डिस्ट्र्रीब्यूटरों ने बोर्ड के इस फैसले के खिलाफ वहां के ट्रिब्यूनल में अपील की है, जिसकी सुनवाई आज होनी है। गौरतलब है कि 'पद्मावत' को जहां पाकिस्तान में रिलीज की हरी झंडी मिल गई है। जहां भी ये फिल्म रिलीज हुई है, वहां ये रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है। अमेरिका में तो शो हाउसफुल चल रहे हैं।
बता दें कि 25 जनवरी को रिलीज हुई ये फिल्म ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई दर्ज करवा रही है। सोमवार तक फिल्म की कमाई का आंकड़ा 146 करोड़ रुपये के पार हो चुका है। फिल्म ने विदेशी बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल मचा दिया है। यूके, यूएस, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में इसे बेहतरीन रिस्पॉन्स मिल रहा है।