संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत रिलीज के बाद से ही सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। फिल्म ने अब तक महज 10 दिनों में धरेलू बॉक्स ऑफिस पर 192 करोड़ 50 लाख की कमाई कर ली है। इस शानदार कलेक्शन के साथ ही पद्मावत रणवीर कपूर और शाहिद कपूर की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट कर लिखा, एक बार पद्मावत चेन्नई एक्सप्रेस का रिकॉर्ड तोड़ दे फिर यह दीपिका पादुकोण के करियर की भी अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन जाएगी।
आपको बता दें कि दीपिका पादुकोण की फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस ने बॉक्स ऑफिस पर कुल 226 करोड़ 70 लाख रुपए का लाइफटाइम बिजनेस किया था।
फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर अहम किरदार निभा रहे हैं। शाहिद कपूर ने राजा रावल रतन सिंह की भूमिका निभाई है और दीपिका पादुकोण रानी पद्मावती की भूमिका निभा रही हैं। तो वहीं रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका में हैं।