सोमवार को भारतीय सिनेमा ने अपना एक और सितारा खो दिया। बॉलीवुड के अभिनेता, निर्माता व निर्देशक निशिकांत कामत का निधन हो गया। वह लिवर सिरोसिस से ग्रस्त थे, लेकिन उनकी मौत से कुछ घंटे पहले की सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाह उड़ने लगी कि उनका निधन हो गया है। जिसके बाद निशिकांत कामत जिस अस्पताल में भर्ती थे, उसने अफवाह की सच्चाई बताई। दरअसल ऐसा पहला मौका नहीं है जब किसी फिल्मी सितारे की मौत की अफवाह सोशल मीडिया पर फैली है। बहुत बार सितारों की मौत की अफवाह उड़ चुकी है। आज हम आपको उन्हीं सितारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी मौत की कभी न कभी अफवाह उड़ी...
अब तक सोशल मीडिया पर उड़ चुकी है इन सितारों की मौत की अफवाह, अमिताभ बच्चन से लता मंगेशकर तक लिस्ट में शुमार
अमिताभ बच्चन
मेगास्टार अमिताभ बच्चन की मौत की अफवाह सोशल मीडिया पर कई बार उड़ चुकी है। एक बार यह अफवाह उड़ा दी गई थी कि अमेरिका में एक कार दुर्घटना में अमिताभ बच्चन की मौत हो गई है। हालांकि बिग बी ने इन अफवाहों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी लेकिन उनके फैंस काफी परेशान हो गए थे।
दिलीप कुमार
दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार 97 साल के हैं। वह जब अस्पताल में अपने इलाज के लिए जाते हैं तो अक्सर उनकी मौत की अफवाह सोशल मीडिया पर वायरल होने लगती है। दिलीप कुमार कई बार सांस की तकलीफ, निमोनिया के की परेशानी के चलते अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं।
लता मंगेशकर
हिंदी सिनेमा की दिग्गज गायिका लता मंगेशकर सोशल मीडिया पर अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं। स्वास्थ्य परेशानी के चलते वह एक बार अस्पताल में भर्ती थीं, उस दौरान उनकी मौत की अफवाह सुनने को मिली थी। जिसके बाद उन्होंने खुद सामने आकर अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी थी। इसके अलावा बीते साल भी जब वह अस्पताल में भर्ती थीं, तब भी सोशल मीडिया पर उनकी मौत की अफवाह सुनने को मिली थी।
शक्ति कपूर
पांच साल पहले दिग्गज अभिनेता शक्ति कपूर की मौत की अफवाह आग की तरह फैल गई थी। साल 2015 में व्हाट्सएप पर इस तरह की अफवाह वायरल हुई कि शक्ति कपूर की खंडाला जाते वक्त एक कार दुर्घटना में मौत हो गई। इसके बाद शक्ति कपूर ने खुद इस खबर की सच्चाई बताई थी।