दुनिया भर की सेलिब्रिटीज में मशहूर ज्वैलरी डिजाइनर नीरव मोदी ने जब 2015 में न्यूयार्क में अपना शोरूम खोला था तो उसके उद्घाटन में ब्रिटिश अभिनेत्री और फिल्म प्रोड्यूसर नाओमी वाट्स भी पहुंची थीं। उसके ग्राहकों में हॉलीवुड अभिनेत्री केट विंसलेट (फिल्म टाइटैनिक) भी शामिल हैं।
वर्ष 2016 के ऑस्कर फिल्म समारोह में विंसलेट ने नीरव के डिजाइन किए गए ब्रेसलेट, इयरिंग्स और रिंग पहना था। अपने जीवन के शुरुआती 18 साल बेल्जियम के एंटवर्प शहर में बिताने के बाद नीरव 19 साल की उम्र में हीरे-जवाहरात के कारोबार की बारीकियां सीखने के लिए अपने मामा मेहुल चोकसी के पास भारत पहुंचा। गीतांजलि जेम्स के मालिक चोकसी के साथ रहकर अगले 10 साल तक उसने कड़ी ट्रेनिंग ली और 1999 में फायरस्टोन के नाम से अपना ब्रांड स्थापित किया। बाद में इसका नाम बदलकर फायरस्टर कर दिया गया।
एक के बाद एक अधिग्रहण
वर्ष 2005 में उसने अमेरिका की ज्वैलरी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी फ्रेडरिक गोल्डमैन का होलसेल कारोबार खरीद लिया। दो साल बाद 2007 में उसने अमेरिकी सेना को ज्वैलरी के सबसे बड़े सप्लायर सैंडबर्ग एंड सिकोरस्की का अधिग्रहण कर लिया। अमेरिका के सभी सैन्य अड्डों पर इस कंपनी के शोरूम हैं। इस बीच, उसने रूस की डायमंड माइनिंग कपनी अलरोसा के साथ हीरो की सप्लाई के लिए एक समझौता किया। इससे उसकी स्थिति धीरे-धीरे मजबूत होने लगी और उसने 2010 में अपने नाम से ब्रांड लॉन्च कर दिया, जिसे अपार सफलता मिली।
ऐश्वर्या ने भी की मॉडलिंग
उसके ब्रांड के लिए ऐश्वर्या राय, लीसा हेडन जैसी बॉलीवुड अभिनेत्रियां और नाओमी वाट्स जैसी ब्रिटिश अभिनेत्री मॉडलिंग कर चुके हैं। इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा उसके द्वारा डिजाइन की गई ज्वैलरी की ब्रांड अंबेसडर हैं।