फिल्मों में एक से एक अलग किरदार निभाकर लोगों का दिल जीतने वाले नवाजुद्दीन सिद्दिकी आज किसी परिचय के मोहताज बेशक न हो लेकिन उनकी कुछ ख्वाहिशें हैं जिसे वो पूरा करना चाहते हैं। हाल ही में जयपुर लिट्रेचर फेस्टिवल में नवाजुद्दीन ने उस किरदार के बारे में बताया है जिसे वो पर्दे पर जीना चाहते है।
नवाजुद्दीन सिद्दकी ने बताया है कि वो चाहते हैं उन्हें मुगल-ए-आजम में दिलीप कुमार वाला किरदार निभाने के लिए मिल जाए। नवाजुद्दीन सिद्दिकी ने कहा, 'मेरे व्यक्तित्व को बहुत कम कर के आंका जाता है और माना जाता है कि मैं गैंगस्टर के रोल ही कर सकता हूं, लेकिन मैं ऐसे मुगल-ए-आजम में दिलीप कुमार वाला किरदार भी बखूबी निभा सकता हूं।'
नवाज ने हाल ही मंटो की कहानी पर आधारित फिल्म में मुख्य किरदार निभाया है, जिसका निर्माण नंदिता दास ने किया है। मंटो पर बात करते हुए अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया मंटो एक सच्चे इंसान थे, लेकिन मैं बहुत झूठ बोलता हूं। नवाजुद्दीन मंटो की कहानियों पर कई थिएटर प्ले भी कर चुके हैं।
'जीनियस' के अलावा, नवाजुद्दीन दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे की आगामी बायोपिक 'ठाकरे' में भी नजर आने वाले हैं। अभिजीत पानसे के निर्देशन में बनी इस फिल्म को हिन्दी के अलावा मराठी भाषा में भी बनाया जा रहा है।