हाल ही में मलयालम एक्ट्रेस सनुषा संतोष के साथ ट्रेन में छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया था। ट्रेन पर मौजूद किसी भी शख्स ने उनकी मदद नहीं की थी। लेकिन एक्ट्रेस इस घटना से घबराई नहीं बल्कि हिम्मत के साथ पुलिस को खबर की और आरोपी को पकड़वाया। अब सनुषा ने एक टीवी चैनल से बात करते हुए पूरी घटना का जिक्र किया है।
23 साल की सनुषा ने बताया, 'मवेली एक्सप्रेस ट्रेन में सफर के दौरान मुझे नींद आ गई। तभी मुझे अपने होठों पर कुछ एहसास हुआ। जब मैंने आंखें खोली तो मेरी सामने वाली बर्थ पर बैठा आदमी होठों पर अंगुली फेर रहा था। मैंने उसकी अंगुली पकड़ी और लाइट ऑन की। मैंने उसका हाथ नहीं छोड़ा बल्कि अंगुली मरोड़ दी।'
'मैं मदद के लिए चिल्लाई। सबने मेरी आवाज सुनी लेकिन कोई भी मदद करने नहीं आया। मेरी नीचे वाली बर्थ में एक आदमी सो रहा था। मैंने उसे जगाया और पूरी बात बताई लेकिन वो बिना ध्यान दिए फिर सो गया। तब राइटर उन्नी आर और उनके साथ एक और शख्स मेरी आवाज सुनकर मदद को आए। उन्होंने TTE को इसकी जानकारी दी और पुलिस को बुलाया।'
थिरुसर स्टेशन पर हमने उस शख्स को पुलिस के हवाले किया। सुनषा ने बताया कि ट्रेन में कई महिलाएं भी मौजूद थीं। लेकिन किसी ने भी उनकी मदद नहीं की। सनुषा उस वक्त हैरान रह गईं जब लोगों ने उनसे कहा कि आरोपी की पुलिस कंप्लेन ना करें। एक्ट्रेस ने कहा कि हमारी सोसाइटी में ऐसे भी लोग हैं जो मदद करने के बजाय आरोपी को बचाते हैं।
सनुषा काफी गुस्से में थीं। उन्होंने एक और इंटरव्यू में कहा, 'लोग फेसबुक या सोशल मीडिया पर किसी भी बात का विरोध करने के लिए तैयार रहते हैं। लेकिन जब रियल लाइफ में किसी के साथ ऐसा होता है तो कोई मदद नहीं करता। अगर मैं फेसबुक पर इस घटना को डालूं तो लोग उसे शेयर करेंगे और कहेंगे मैं सनुषा के साथ हूं। अपनी डीपी तक बदल लेंगे।'