शोबिज की दुनिया में अपनी नाम और अलग पहचान बना पाना काफी मुश्किल है। हालांकि, इंडस्ट्री के कुछ सितारे ऐसे भी हैं, जो अपनी पहली ही फिल्म से पर्दे और फैंस के दिल दोनों पर छा गए। इन्हीं सेलेब्स में एक नाम 90 के दशक की हिट अभिनेत्री महिमा चौधरी का है। झंकार भरी आवाज और मासूम चेहरे से महिमा ने लोगों को अपना दीवाना बना दिया। शाहरुख खान के साथ फिल्म 'परदेस' के जरिए अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वालीं अभिनेत्री महिमा चौधरी 13 सितंबर, 2023 को अपना 50वां जन्मदिन मना रही हैं। हालांकि, सफलता ने जितनी जल्दी महिमा के कदम चूमे, उतनी ही जल्दी उनके साथ हुए एक हादसे ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। इसके अलावा महिमा ने अपने जीवन में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी जंग लड़ी। अभिनेत्री तमाम दुविधाओं को मात देकर वापस से उभरी हैं, और जल्द ही फिल्मों में वापसी करने वाली हैं। आइए इस डीवा के जन्मदिन के अवसर पर इनकी प्रेरणा भरी जिंदगी से जुड़े कुछ अहम पहलुओं पर गौर फरमा लेते हैं-
2 of 5
महिमा चौधरी
- फोटो : सोशल मीडिया
13 सितंबर 1973 को दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल में जन्मीं महिमा चौधरी का असली नाम ऋतु चौधरी है। हालांकि, फिल्मी जगत में अभिनेत्री को हर कोई महिमा के नाम से ही जानता है। महिमा ने हाई स्कूल की डिग्री हिल स्कूल से ली थी। इसके आगे की पढ़ाई उन्होंने लोरेटो कॉलेज से की। वहीं, वर्ष 1990 में महिमा ने पढ़ाई छोड़कर मॉडलिंग की दुनिया में करियर बनाने की ठानी। मॉडलिंग के दौर में अभिनेत्री कई विज्ञापनों का हिस्सा रहीं। महिमा को सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी एक सॉफ्ट ड्रिंक के विज्ञापन से मिली, जिसमें उन्हें शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय के साथ स्क्रीन साझा करते देखा गया।
3 of 5
महिमा चौधरी
- फोटो : सोशल मीडिया
महिमा चौधरी ने अपनी बॉलीवुड डेब्यू फिल्म 'परदेस' से ही धमाल मचा दिया था। वहीं, इसके पीछे उनकी कास्टिंग की कहानी भी बेहद दिलचस्प रही है। रिपोर्ट है कि महिमा उन दिनों वीजे के तौर पर काम कर रही थीं, और उसी दौरान सुभाष घई अपनी फिल्म 'परदेस' के लिए अभिनेत्री की तलाश कर रहे थे। मशहूर निर्देशक ने फिल्म के लिए तकरीबन तीन हजार लड़कियों का स्क्रीन टेस्ट लिया था, लेकिन उन्हें कोई भी उनकी फिल्म के लिए परफेक्ट नहीं लगी। अचानक से सुभाष की नजर महिमा चौधरी पर पड़ी, और उन्होंने ठान लिया कि 'परदेस' में महिमा ही मुख्य अभिनेत्री होंगी। इस मूवी में शाहरुख खान संग महिमा की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। साथ ही अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए महिमा ने बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी अपने नाम किया।
4 of 5
महिमा चौधरी
- फोटो : सोशल मीडिया
'परदेस' की सफलता ने महिमा चौधरी को उड़ान दी, और इसके बाद अभिनेत्री 'लज्जा', 'धड़कन', 'दिल क्या करे', 'दाग : द फायर', 'दिल है तुम्हारा', 'सेहर', 'बागबान', 'सैंडविच' और 'कुरुक्षेत्र' जैसी फिल्मों का हिस्सा बनीं। महिमा, फिल्ममेकर की पहली पसंद बन गई थीं, और उन्हें अपनी फिल्म में कास्ट करने के लिए निर्देशक बड़े दांव खेलने लगे थे। हालांकि, लगातार सफलता का स्वाद चख रहीं महिमा की जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आया, जिसने सबकुछ बदल दिया। बात फिल्म 'दिल क्या करे' की शूटिंग के दौरान की है। शूट पर जाते वक्त महिमा की कार का एक्सीडेंट हो गया। उस दौरान डॉक्टर्स ने उनके चेहरे की सर्जरी करते वक्त करीब 67 कांच के टुकड़े निकाले थे। अभिनेत्री का चेहरा काफी बिगड़ गया था, और यही वजह रही कि उन्होंने धीरे-धीरे इंडस्ट्री से दूरी बना ली।
Jaane Jaan: तैमूर और जेह को समलैंगिक विवाह के बारे में खुलकर बताएंगी बेबो, बोलीं- प्यार की कोई सीमा नहीं होती
5 of 5
महिमा चौधरी
- फोटो : सोशल मीडिया
महिमा चौधरी ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को भी मात दे चुकी हैं। साथ ही इससे जूझते वक्त जिंदगी में आई परेशानियों को साझा करते हुए अभिनेत्री ने एक इंटरव्यू में कहा था, 'जब मैं कैंसर से परेशान चल रही थी, तब मेरी बेटी आर्यना ने स्कूल जाना बंद कर दिया था। उसने मुझसे कहा था कि वह घर के बाहर जाएगी तो कोविड 19 का खतरा बन सकता है। ऐसे में अपनी मां को किसी भी जोखिम में नहीं डाल सकती।' फिलहाल महिमा पूरी तरह ठीक हैं, और जल्द ही कंगना रणौत के साथ फिल्म 'इमरजेंसी' से कमबैक करने वाली हैं।
Esha Deol: पब्लिसिटी के मामले में पीछे है देओल परिवार? ईशा देओल ने कुबूल की यह बात, बताई वजह