मशहूर विलेन महेश आनंद (Mahesh Anand)अपने घर पर मृत पाए गए हैं। शनिवार को उन्होंने अपने यारी रोड स्थित घर में अंतिम सांस ली। वह 57 वर्ष के थे। 90 के दशक में अपने अभिनय से लोगों का दिल जीतने वाले महेश आनंद की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। महेश आनंद ने लंबे समय से कोई फिल्म साइन नहीं की थी। इसलिए वह लगभग 18 साल फाइनेंशियल क्राइसिस से जूझते रह रहे थे। हाल ही में उन्होंने गोविंदा की फिल्म रंगीला राजा से कमबैक किया था।
महेश आनंद 18 जनवरी को रिलीज हुई पहलाज निहलानी की फिल्म रंगीला राजा में नजर आए थे। महेश आनंद ने 18 साल तक फिल्मों से दूर रहने के बाद महेश आनंद ने प्रोड्यूसर पहलाज निहलानी की फिल्म 'रंगीला राजा' साइन की थी। खुद महेश ने एक इंटरव्यू में कहा था, 18 साल तक किसी ने मुझे साइन नहीं किया। लेकिन भगवान दयालु इंसान के रूप में आया और मुझे रंगीला राजा में छोटा सा रोल ऑफर किया।
महेश आनंद ने 'रंगीला राजा' के मिलने की कहानी शेयर करते हुए एक इंटरव्यू में कहा था, मुझे निहलानी जी की तरफ से एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था- 'कॉल मी'। मैंने उन्हें कॉल किया तो उन्होंने कहा, -'बेटा कितने बजे आओगे ऑफिस।' मेरे पास उनके ऑफिस तक जाने के लिए ऑटो रिक्शा का किराया देने तक पैसे नहीं थे। इससे पहले पहलाज निहलानी की फिल्म अंदाज और आग का गोला में महेश आनंद ने काम किया था।
रिपोर्ट्स की मानें तो महेश आनंद मुंबई के वर्सोवा में अकेले रहते थे। जब एक न्यूज पोर्टल ने महेश आनंद की एक्स वाइफ से उनके निधन के बारे में बात करने की कोशिश की तो उन्होंने बताया- मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। साल 2002 के बाद से हमारे बीच किसी तरह की बातचीत नहीं है। बता दें महेश आनंद ने साल 2000 में उषा बचानी से शादी की थी। हालांकि 2 साल बाद ही दोनों का तलाक हो गया था।
महेश आनंद ने शहंशाह, मजबूर, स्वर्ग, थानेदार, विश्वात्मा, गुमराह, खुद्दार, बेताज बादशाह, विजेता और कुरुक्षेत्र जैसी हिट फिल्मों में बेहतरीन अभिनय से पहचान बनाई थी। महेश 80 और 90 के दशक में विलेन के रूप में काफी लोकप्रिय थे।