हाल ही में एक भोजपुरी एक्ट्रेस ने मिथुन चक्रवर्ती के बेटे मिमोह और पत्नी योगिता बाली पर रेप का आरोप लगाया था । इस मामल में पीड़िता ने मिमोह पर 4 साल तक रेप करने और अबॉर्शन करवाने के अलावा कई गंभीर आरोप लगाए हैं ।
मिमोह की शादी एक्ट्रेस मदालसा शर्मा से तय हुई है । इतने गंभीर आरोपों के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि शादी टूट भी सकती है । इस मामले पर अब मिमोह की होने वाली सास शीला शर्मा का बयान आया है । उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि शादी तय तारीख पर ही होगी ।
स्पॉटब्वॉय डॉट कॉम की रिपोर्ट्स के मुताबिक शीला ने कहा, 'शादी 7 जुलाई को ही होगी । मिमोह उससे (शिकायतकर्ता से) साल 2015 में मिला था और हमें पहले से ही इस बात की पूरी जानकारी है । बल्कि मिमोह ने दिक्कतें खड़ी करने के लिए इस बारे में कम्प्लेंट भी की है । उसने एक्शन लेने के लिए इतना लंबा इंतजार क्यों किया? सबका एक अतीत होता है और हम सच जानते हैं ।'
वहीं पीड़िता के वकील नीरज गुप्ता ने कहा, 'बेगमपुर पुलिस स्टेशन में मिमोह और योगिता बाली के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है । हम कोशिश करेंगे कि 7 जुलाई को किसी और लड़की से शादी करने से पहले आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाए ।'
मिमोह की मां योगिता बाली पर भी बेटे के अपराधों में मदद करने का आरोप लगा है । बता दें कि मिमोह की शादी मिथुन के ऊटी स्थित होटल मोनार्क में होगी । इस मामले पर मिथुन के परिवार की ओर से कोई बयान नहीं आया है ।