कुणाल खेमू एक बार फिर से निर्देशक मोहित सूरी की फिल्म में नजर आने वाले हैं। दोनों 'मलंग' में एक साथ काम करते हुए दिखेंगे। इससे पहले मोहित की ही फिल्म 'कलयुग' से कुणाल ने अपने करियर की शुरुआत की थी। इस वजह से वह फिर एक बार मोहित के साथ काम करके काफी रोमांचित महसूस कर रहे हैं। 'मलंग' का ट्रेलर आने के बाद से ही लोगों के अंदर इसकी कहानी जानने की जिज्ञासा पैदा हो गई है। फिल्म की कहानी समझने और उसमें कुणाल का किरदार जानने के लिए अमर उजाला ने उनसे खास बातचीत की। उनका कहना है कि उन्होंने इस तरह की फिल्म अपने करियर में पहले नहीं की है।
2 of 4
kunal khemu
- फोटो : social media
फिल्म की कहानी के बारे में कुणाल ने खुलासा करते कहा, 'यह फिल्म गोवा की एक क्रिसमस की रात पर आधारित है। उस समय पूरी दुनिया जश्न मनाने आई है लेकिन उस दौरान वहां कत्ल होने शुरू हो जाते हैं, जिसके बाद वह केस माइकल को सौंपा जाता है। फिर कहीं ना कहीं इस किरदार के जरिए सभी को पता चलता है कि पांच साल पहले इसी रात को कुछ ऐसी घटना घटी थी जहां जाने-अनजाने में इन चारों की जिंदगियां एक दूसरे से टकराई थी, जिसका उन्हें नहीं पता है। लेकिन उसी का यह नतीजा है।'
3 of 4
Malang
- फोटो : amar ujala mumbai
कुणाल ने फिल्म के ट्रेलर के बारे में बताया, ' इसका ट्रेलर काफी धांसू है। ट्रेलर देखने के बाद तो मुझे भी समझ नहीं आ रहा है कि अपने किरदार के बारे में क्या कहूं। सब एक जैसे ही नजर आ रहे हैं। इस फिल्म में कोई भी साफ तौर पर हीरो-हीरोइन या विलेन जैसा नजर नहीं आ रहा है।' अपने किरदार की विस्तार से जानकारी देते हुए कुणाल ने बताया कि उनका किरदार विलेन का नहीं है। उन्होंने आगे कहा, 'मेरा किरदार माइकल का है, वह पेशे से एक पुलिस वाला है।'
4 of 4
Malang
- फोटो : amar ujala
कुणाल ने आगे कहा, 'वह स्पेशल सेल का मुख्य ऑफिसर है। वह एक ही ऐसा किरदार है जो पूरी तरह से नकारात्मक नहीं है। वह जिंदगी में सिर्फ सही ही करना चाहता है। वह सही गलत-सही के बीच में सीधे सही की बात करता है और उस सही चीज को करने के लिए वह किसी भी हद तक जा सकता है। फिर वह यह नहीं सोचता है कि इससे किसी को अच्छा या बुरा भी लग सकता है। इस दौरान वह कई बार हदें पार कर जाता है।' यह फिल्म 7 फरवरी को रिलीज हो रही है। फिल्म में आदित्य रॉय कपूर, दिशा पाटनी और अनिल कपूर भी मुख्य किरदार में हैं।