Kumar Gaurav: डेब्यू फिल्म से स्टार बने कुमार गौरव, 42वें बर्थ डे पर पिता को खो दिया; अब कहां है ये एक्टर?
Kumar Gaurav Birthday: साल 1981 में फिल्म रिलीज हुई ‘लव स्टोरी’, नए हीरो को देखकर दर्शक दीवाने हो गए। रातों-रात फिल्म के लीड एक्टर कुमार गौरव स्टार बन गए। मगर आगे इसी सफलता को वह दोहारा नहीं पाए। आज कुमार गौरव का जन्मदिन ( 11 जुलाई 1956) है, इस मौके पर जानिए एक्टर के करियर, पर्सनल लाइफ से जुड़ी बातें।
विस्तार
बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता राजेंद्र कुमार के बेटे कुमार गौरव ने भी पिता की तरह फिल्मों में कदम रखा। पहली फिल्म ‘लव स्टोरी’ में उनकी एक्टिंग, रोमांस और स्टाइल की तारीफ हुई। मगर आगे चलकर वह अपनी इस सफलता को दोबारा हासिल ना कर सके। आखिर इसका क्या कारण था? लगभग 20 साल से वह बॉलीवुड से दूर हैं, तो अब क्या करते हैं? संजय दत्त से कुमार गौरव का क्या कनेक्शन है?
हिट होने के बाद क्यों नहीं चला करियर
डेब्यू फिल्म ‘लव स्टोरी’ से ही कुमार गौरव स्टार बन गए। इसके बाद लगभग 28 फिल्में ही अपने पूरे करियर में की। मगर किसी भी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर मनचाही सफलता नहीं मिली। कुमार गौरव ‘तेरी कसम’, ‘स्टार’, ‘लवर’, ‘नाम’, ‘फूल’, ‘कांटे’ जैसी कुछ और फिल्मों में नजर आए। कहा जाता है कि पहली ही फिल्म हिट होने के बाद एक्टर ने नई और उभरती हुई एक्ट्रेसेस के साथ काम करने से इंकार कर दिया। मंदाकिनी के साथ भी काम करने से इंकार कुमार गौरव ने किया था। इस वजह से कई बेहतरीन फिल्में कुमार गौरव के हाथ से निकल गई।
जब कुमार गौरव का करियर नहीं चला तो साल 2002 में फिल्म ‘कांटे’ करने के बाद उन्होंने बॉलीवुड को अलविदा कह दिया। एक साइलेंट फिल्म ‘माय डैडी स्टॉन्गेस्ट(2009)’ जरूर की। मगर तब से वह बड़े पर्दे नजर नहीं आए। इस तरह देखा जाए तो वह पिछले 23 साल से बॉलीवुड की किसी फिल्म में नजर नहीं आए। इन दिनों वह एक कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाते हैं। ट्रैवल से जुडी एक कपंनी भी कुमार गौरव चलाते हैं। बताते चलें कि जब कुमार गौरव अपना 42वां जन्मदिन मना रहे थे, उसके अगले दिन पिता का निधन हो गया।
कुमार गौरव ने साल 1984 में नम्रता दत्त से शादी की। नम्रता, संजय दत्त की बहन है। कुमार गौरव और नम्रता की दो बेटियां हैं। एक बेटी की शादी तक हो चुकी है। संजय दत्त के साथ ही फिल्म ‘नाम’ में कुमार गौरव नजर आए थे। दोनों के बीच काफी अच्छी बॉन्डिंग है।