हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े फिल्म निर्माता और निर्देशकों में से एक करण जौहर ने लोगों की तरफ से लगातार की जा रही ऑनलाइन ट्रोलिंग के चलते अपना फोन नंबर बदल दिया है। साथ ही उन्होंने अपने टि्वटर अकाउंट से अपने सभी करीबी दोस्तों को अनफॉलो भी कर दिया है। ऐसा करने के साथ ही करण जौहर लोगों के और ज्यादा निशाने पर आ गए हैं।
करण जौहर को अब देश में सिर्फ इन लोगों पर भरोसा, बाकी सब को ट्विटर पर कर दिया अनफॉलो
सोशल मीडिया पर सुशांत सिंह राजपूत के चाहने वाले सभी लोग करण जौहर से बहुत गुस्सा हैं। इस प्रताड़ना से बचने के लिए करण ने अपने कई करीबी दोस्तों को अनफॉलो भी कर दिया है जिसमें आलिया भट्ट, वरुण धवन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और काजोल जैसे कई नामचीन हस्तियां शामिल हैं।
करण अब ट्विटर पर सिर्फ आठ लोगों को फॉलो करते हैं जिसमें तीन तो उनके अपने प्रोडक्शन हाउस हैं। बाकी के पांच लोगों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अक्षय कुमार, अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और उनके प्रोडक्शन हाउस के सीईओ अपूर्व मेहता हैं।
बिहार की राजधानी पटना में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद लोगों का करण जौहर के प्रति आक्रोश साफ जाहिर हो रहा है। सुशांत के प्रशंसक करण जौहर और सलमान खान के पोस्टर जला रहे हैं और पुतले फूंक रहे हैं। पिछले साल नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म 'ड्राइव' का निर्माण करण जौहर ने ही किया था जिसमें उनके साथ जैकलीन फर्नांडिस नजर आई हैं। यह फिल्म करीब दो साल तक अटकी रही और बाद में करण ने इस फिल्म को सिनेमाघरों की बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दिया। सुशांत के प्रशंसकों का मानना है कि उनके आत्महत्या करने की यह एक बड़ी वजह है।
सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या करने की वजह अवसाद बताया गया है लेकिन लोगों का मानना है कि यह अवसाद तब पैदा हुआ जब इंडस्ट्री में उन्हें फिल्में मिलना बंद हो गई थीं। इसी कारण वंशवाद और गुटबाजी जैसे मुद्दे भी खूब चर्चा में आ गए हैं। ये मामला तब और भी बड़ा हो गया जब बिहार में करण जौहर समेत आठ फिल्म निर्माताओं पर मुकदमा दर्ज कराया गया। इस मुकदमे को दर्ज कराने वाले वकील सुधीर कुमार ओझा का आरोप है कि इन लोगों ने इरादतन सुशांत की फिल्में रिलीज नहीं होने दी थीं। यहां तक की फिल्मों से जुड़े पुरस्कार समारोहों में भी सुशांत को नहीं बुलाया जाता था। इन सब चीजों से निराश और हताश होकर सुशांत ने आत्महत्या कर ली है।
श्रद्धा कपूर ने लिखा सुशांत सिंह राजपूत के लिए इमोशनल पोस्ट, कहा- 'वो अपनी ही धुन पर नाचता था'