करण जौहर का पॉपुलर चैट शो 'कॉफी विद करण' का सीजन सात फैंस के बीच धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। इस शो के जरिए सिनेमा जगत के कलाकार एक छत के नीचे आते हैं, जिनसे करण जौहर मजेदार गॉसिप करते दिखाई देते हैं और अब शो के सीजन सात में भी कुछ ऐसा ही होता दिखाई देगा। करण जौहर ने सोशल मीडिया पर शो का एक मजेदार प्रोमो वीडियो शेयर किया है। साथ ही उन्होंने शो की ऑन एयर डेट भी बता दी है।
करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो शेयर किया है, वो काफी मजेदार है। इस वीडियो को पुराने सीजन में नजर आए सेलेब्स के वीडियो क्लिप से बनाया गया है। इस वीडियो में शाहरुख खान, बिपाशा बसु, सैफ अली खान, करीना कपूर, प्रियंका चोपड़ा, रणवीर सिंह जैसे तमाम सितारे नजर आ रहे हैं और ये सभी कह रहे हैं, 'कौन?' इसके बाद कुछ और सेलेब्स के वीडियोज हैं, जो 'करण... करण.. करण' कहते दिख रहे हैं। इसके बाद करण जौहर की एंट्री होती है और वह कहते हैं कि 'कॉफी विद करण सीजन 7' फिर आ रहा है।
इस वीडियो के कैप्शन में करण जौहर ने शो के ऑन एयर की तारीख बताई है। उन्होंने कहा, 'अनुमान लगाइए इस बार कौन आ रहा है। और इस बार पाईपलाइन में बहुत बड़े स्टार्स है। कॉफी विद करण सीजन सात हॉट स्टार पर 7 जुलाई से शुरू हो रहा है।' महज कुछ ही समय में करण जौहर के इस वीडियो को 2 लाख 60 से भी ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। वहीं, कमेंट में यूजर्स भी बता रहे हैं कि वे किस स्टार को इस शो में देखना चाहते हैं।
गौरतलब है कि इस बार करण जौहर ने अपने शो के वापस आने की अनाउंसमेंट भी कुछ अतरंगी तरीके से की थी। पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर जानकारी दी थी कि शो अब टीवी पर कभी वापसी नहीं करेगी। इस घोषणा के बाद से ही सभी फैंस निराश हो गए थे, लेकिन कुछ ही देर बाद करण ने एक और पोस्ट शेयर किया, जिससे सभी खुश हो गए। करण ने बताया कि शो अब डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर वापस आएगा, टीवी पर नहीं।