कन्नड़ सिनेमा की अभिनेत्री रोहिणी सिंह के फैंस के लिए बुरी खबर है। वह गुरुवार को कार दुर्घटना में गंभीर रुप से घायल हो गई हैं। उनके साथ साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता जय जगदीश की बेटी अर्पिता भी मौजूद थीं। कार दुर्घटना में रोहिणी सिंह और अर्पिता को कई जगह चोटें आई हैं।
मीडिया रिपोट्स की मानें तो रोहिणी सिंह और अर्पिता गुरुवार को बर्थ डे पार्टी से आ रही थीं। बेंगलुरु के मावल्लीपुरा में उनका अपनी कार से कंट्रोल छूट गया। जिसके बाद कार एक पेड़ से जाकर टकरा गई। इस हादसे में मौके पर मौजूद लोगों ने इन दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया।
फिलहाल रोहिणी सिंह और अर्पिता की हालत स्थिर है और अस्पताल से अगले दो हफ्ते के अंदर छुट्टी मिलने के आसार हैं। वहीं रोहिणी सिंह के कार हादसे की खबर का पता चलने के बाद इनके फैंस सोशल मीडिया के जरिए चिंता व्यक्त कर रहे हैं और उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।
बता दें कि रोहिणी सिंह मशहूर निर्माता- निर्देशक राजेंद्र सिंह बाबू की बेटी और अभिनेता आदित्य की बहन हैं। रोहिणी सिंह ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत साल 2011 में की थी। उनके डेब्यू फिल्म कांतिरीवा थी।