कंगना रनौत (Kangana Ranaut) की फिल्म 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' (Manikarnika: The Queen of Jhansi) का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर को सोशल मीडिया पर अच्छा रिसपॉन्स भी मिल रहा है। बतौर डायरेक्टर कंगना की ये पहली फिल्म है। इसलिए उन्हें इस फिल्म से काफी उम्मीदें भी हैं। साथ ही कंगना फिल्म के लिए एक्साइटेड भी हैं।
कंगना की ये एक्साइटमेंट ट्रेलर लांच इवेंट में भी देखने को मिली। फिल्म की पूरी स्टार कास्ट के साथ कंगना जब वेन्यू पर पहुंचीं तो सभी की निगाहें उन्हीं पर आकर टिक गई। कंगना रनौत इस मौके पर काफी ज्यादा सुंदर लग रहीं थीं। कंगना रनौत की बड़ी बहन भी इस मौके पर उनके साथ नजर आई।
ट्रेलर लॉन्च के लिए इवेंट वेन्यू को किले में तब्दील कर दिया गया था मानों फिल्म का सेट हो। कंगना के साथ उनकी सेना भी इवेंट में पहुंची। कंगना जब इवेंट में पहुंचीं तो उनका स्वागत फूल बरसा कर किया गया मानो झांसी की रानी अपने किले में दाखिल हो रही हों। ट्रेलर लॉन्च के लिए मुंबई के वडाला में भव्य तैयारियां की गई थीं।
इस मौके पर कंगना ने कई सवालों के भी जवाब दिए। जब उनसे पूछा गया कि उनकी फिल्म मणिकर्णिका ऋतिक रोशन की सुपर 30 और इमरान हाशमी की चीट इंडिया से क्लैश हो रही है तो कंगना ने कहा- उन्हें इन दोनों फिल्मों की रिलीज डेट नहीं पता है। कंगना ने आगे कहा- हमने फिल्म में काफी ज्यादा मेहनत की है और हमारा कंटेट भी काफी अच्छा है। हमें फिल्म पर पूरा भरोसा है।
इवेंट में झलकारी बाई बनीं अंकिता लोखंडे भी नजर आईं। अंकिता लोखंडे ने कहा कि वो इस फिल्म को लेकर काफी ज्यादा एक्साइटेड हैं। उन्होने कहा कि वो इसका बेसब्री से इंतजार कर रहीं हैं। बता दें अंकिता इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं।