मशहूर अदाकारा श्रीदेवी का 54 साल की उम्र में निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। जिसे भी श्रीदेवी के निधन की खबर लगी हैरान हो गया। श्रीदेवी को अपना आइकन मानने वालीं कंगना रनौत को इस खबर से इतना धक्का लगा कि वो बीमार हो गईं।
कंगना के बीमार पड़ने के कारण उनकी फिल्म मणिकर्णिका की शूटिंग भी रोक दी गई है। उनके करीबी लोगों का कहना है कि कंगना ने भले ही किसी से कुछ कहा नहीं लेकिन वह अपनी पसंदीदा स्टार के इस तरह से चले जाने का दर्द झेल नहीं पाई और बीमार पड़ गई।
आपको बता दें कि श्रीदेवी की मौत का कारण पहले 'कार्डियक अरेस्ट' बताया गया था लेकिन अब उनकी मौत का रहस्य गहराता जा रहा है। दुबई पुलिस का कहना है कि होटल के बाथरूम के बाथटब में अचेत होकर गिरने के बाद डूबने से उनकी मौत हुई है। पुलिस का यह भी कहना है कि उनके रक्त में अल्कोहल के अंश पाए गए हैं और शुरूआती जांच में पता चला है कि शरीर में अल्कोहल के अंश थे और इसी वजह से यह घटना हुई होगी।
कंगना रनौत इन दिनों बीकानेर में अपनी फिल्म मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी की शूटिंग कर रही हैं। कुछ दिनों पहले ही फिल्म के सेट की कई तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें कंगना रॉयल अंदाज में नजर आ रही हैं।