काजोल और अजय देवगन की जोड़ी बॉलीवुड की हिट और सफल जोडि़यों में से एक है । हाल ही में दोनों ने 11 साल बाद फिल्म 'तानाजीः द अनसंग वॉरियर' में स्क्रीन शेयर किया । ये फिल्म जबरदस्त हिट रही । इससे पहले दोनों फिल्म 'यू मी और हम' में साथ नजर आए थे । आज अजय और काजोल की शादी को 21 साल हो गए हैं । इन्होंने 24 जनवरी 1999 को सात फेरे लिए थे। इस खास दिन पर हम आपको इनकी लवस्टोरी के बारे में बताते हैं ।
हाल ही में एक इंटरव्यू में काजोल ने अजय से आपनी पहली मुलाकात, शादी, मीडिया से झूठ, मिसकैरेज और हनीमून तक की डीटेल बताई थी । इसमें काजोल ने कहा था, 'हम 25 साल पहले फिल्म हलचल के सेट पर मिले थे। मैं शूट के लिए तैयार थी और पूछ रही थी कि मेरा हीरो कौन है?किसी ने अजय की तरफ इशारा किया। वह एक कॉर्नर में बैठे हुए थे। अजय से मिलने से 10 मिनट पहले मैं उनके बारे में बुराई कर रही थी।'
'फिर हमने सेट पर बात करना शुरू की और हम अच्छे दोस्त बन गए। हम दोनों ही उस समय किसी और को डेट कर रहे थे । मैंने अपने बॉयफ्रेंड के बारे में अजय से शिकायत की थी। जल्द ही हमारा ब्रेकअप हो गया। हम दोनों में से किसी ने एक-दूसरे को प्रपोज नहीं किया। लेकिन यह समझ आ रहा था कि हम साथ हैं।'
'4 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद हमने शादी करने का फैसला लिया । शादी के लिए अजय का परिवार तो तैयार हो गया लेकिन मेरे पिता ने मुझसे चार दिन तक बात नहीं की। वो चाहते थे कि मैं अपने करियर पर फोकस करूं, लेकिन मैंने शादी का फैसला कर लिया था । हमने मीडिया को शादी का गलत वेन्यू बताया ।'
'हम चाहते थे कि ये दिन सिर्फ हमारा रहे । इसलिए हमने घर पर ही शादी की थी । शादी जल्दी करवाने के लिए अजय पंडित को रिश्वत देने की कोशिश कर रहे थे । मैं एक लंबा हनीमून चाहती थी इसलिए हम सिडनी, हवाई और लॉस एंजलेस गए । वहां अजय बीमार पड़ गए । उन्होंने मुझसे कहा कि अब घर चलते हैं । हमारा इजिप्ट जाने का भी प्लान था लेकिन हम वहां नहीं जा पाए । कुछ समय बाद हमने बच्चे प्लान किए ।'