जॉन अब्राहम और डायना पेंटी की फिल्म 'परमाणु' की रिलीज डेट फिर से आगे बढ़ा दी गई है। बार-बार फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ाए जाने से जॉन खुश नहीं है। जॉन अब्राहम इस फिल्म के को- प्रोड्यूसर भी हैं।
पहले यह फिल्म अनुष्का शर्मा की 'परी' के साथ 2 मार्च को रिलीज होने वाली थी। जिससे दोनों ही फिल्मों को नुकसान होता। ऐसे में फिल्म के प्रोड्यूसर्स ने रिलीज डेट को आगे बढ़ाना ही ठीक समझा। जिसके बाद अब होली की छुट्टियों में केवल अनुष्का शर्मा की फिल्म ही रिलीज होगी। बता दें कि दोनों ही फिल्मों को क्रियाज एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ' इसमें कोई शक नहीं अनुष्का शर्मा, जॉन अब्राहम से बड़ी स्टार हैं। दर्शकों को 'परी' का बेसब्री से इंतजार है। भले ही 'परमाणु' की कहानी में दम हो लेकिन जॉन अब्राहम की पिछली फिल्में कुछ खास कमाल नहीं कर पाई। ऐसे में प्रोड्यूसर्स कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहते और फिल्म की रिलीज डेट टालना दोनों की फिल्मों के लिए अच्छा है।'
चौथी बार रिलीज डेट टलने के बाद जॉन अब्राहम की 'परमाणु' 2 मार्च की जगह अब 6 अप्रैल को रिलीज होगी। इससे पहले यह फिल्म 8 दिसंबर 2017 को रिलीज होनी थी। फिर इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ाकर 9 फरवरी किया गया। 9 फरवरी को 'पैडमैन' और 'अय्यारी' बड़े पर्दे पर आएगी। जिसके बाद इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाकर 2 मार्च को की गई थी।