शरद कपूर: क्या बुरे वक्त से बाहर निकले एक्टर? मदद के लिए आगे आए किंग खान, बोले- छोटे से लेकर बड़े तक सब चिंतित
- अभिनेता शरद कपूर अब बदहाली से फिल्मी दुनिया की मदद से उबर रहे हैं।
- एक्टर की मदद करने वालों में शाहरुख खान और जावेद अख्तर भी शामिल हुए हैं।
- इससे पहले सोनू सूद और सलमान खान पहले ही इस कठिन समय में शरद का साथ दे चुके हैं।
विस्तार
बीते दिनों अभिनेता शरद कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री से मुश्किल वक्त में मदद मांगी थी। इसके बाद कई सेलेब्स उनके समर्थन में आगे आए थे। अब शाहरुख खान और जावेद अख्तर का नाम भी मददगारों की लिस्ट में आ गया है।
शरद ने बताया किसने की मदद
हाल ही में वरिंदर चावला को दिए एक इंटरव्यू में अभिनेता शरद कपूर ने कहा, ‘आपको यकीन नहीं होगा। हर कोई। छोटे से लेकर बड़े तक सब चिंतित थे। सोनू सूद, सलमान खान, शाहरुख खान, राजपाल यादव, जावेद अख्तर, सब। मैं उन सबका बहुत आभारी हूं। मेरे दोस्त अरमान कोहली वह सब बहुत परेशान थे। उन्होंने कहा, आपको जो भी चाहिए, हम देंगे।’
हेमा चौधरी ने बताई एक्टर की हालत
हेमा चौधरी ने 'बॉलीवुड कट अनकट' पॉडकास्ट में शरद कपूर की हालत के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया कि वह एक डॉग शेल्टर चलाती हैं, जिसका नाम बेजुबान ट्रस्ट है। इसी सिलसिले में वह शरद के इलाके में कुछ कुत्तों को बचाने पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात एक्टर से हुई। बाद में जब वह उनके कमरे में गईं तो वहां के हालात देखकर बुरी तरह घबरा गईं। इसके बाद उन्होंने शरद की मदद के लिए फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से अपील की।
काम पर कब वापसी करेंगे एक्टर?
बीते दिनों एक्टर ने एक वीडियो में बताया था कि कैमरे के सामने कब वापसी करेंगे। शरद ने कहा, 'मैं अपने फैंस को बोलूंगा आप लोगों का बहुत शुक्रिया। भगवान आप लोगों को बहुत खुश रखें। बस इतना ही प्यार बनाए रखिएगा। मैं आपको कभी निराश नहीं करूंगा। मैं जनवरी से रॉकस्टार की तरह काम करना शुरू कर दूंगा और वैसा ही बनूंगा। आप सभी का आभार'।
सोनू सूद और सलमान खान ने की मदद
शरद कपूर का वीडियो सामने आने के बाद उनकी मदद के लिए सबसे पहले सोनू सूद और सलमान खान सामने आए थे। इन अभिनेताओं का एआईसीडब्लूए ने शुक्रिया भी किया था। पूर्व मे की गई पोस्ट में एआईसीडब्लूए ने लिखा, ‘एआईसीडब्लूए सोनू सूद जी का भी हार्दिक आभार व्यक्त करता है जिन्होंने शरद कपूर जी से संपर्क किया। खबरों के अनुसार, सोनू सूद जी ने उनसे मुलाकात कर एक ऐसे प्रोजेक्ट पर चर्चा की है जिससे शरद कपूर जी काम पर वापस लौट सकें और उनके लिए चिकित्सा सहायता की व्यवस्था भी की है। सम्मान के साथ काम करना ही शरद कपूर जी की इच्छा थी।’
