दिवंगत अभिनेत्री जिया खान की मौत की गुत्थी अभी तक सुलझ नहीं पाई है। कथित रूप से जिया खान ने वर्ष 2013 में आत्महत्या की थी। इस मामले में अभिनेता सूरज पंचोली को नामजद किया गया था। सीबीआई के द्वारा एक्टर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया। हालांकि, अब वह जमानत पर हैं। बता दें कि बुधवार को जिया खान की मां राबिया खान ने मुंबई की एक विशेष अदालत में अपनी गवाही दर्ज करवाई। उन्होंने सूरज पंचोली पर गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद उन्होंने गुरुवार को भी कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए। जिया की मां का कहना है कि पुलिस और सीबीआई को इस बात का कोई सुबूत नहीं मिला है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की थी।
2 of 4
जिया खान
- फोटो : सोशल मीडिया
जिया खान की मां राबिया खान ने गुरुवार को मुबंई की एक विशेष अदालत में कहा कि पुलिस और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने यह साबित करने के लिए कोई कानूनी सबूत एकत्र नहीं किया है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की। राबिया खान ने अदालत से यह भी कहा कि वह मानती हैं कि यह हत्या का मामला है, न कि आत्महत्या का। बता दें कि जिया खान जून 2013 में अपने मुंबई आवास में मृत पाई गई थीं। तब अभिनेता सूरज पंचोली पर जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था, जिसकी पुलिस और सीबीआई ने भी जांच की थी। सूरज कुछ वक्त जेल में भी रहे। हालांकि, फिलहाल वह जमानत पर बाहर हैं।
गौरतलब है कि गुरुवार को जिया खान की मां राबिया खान ने स्पेशल जज ए एस सैय्यद के समक्ष मामले में अपनी गवाही दर्ज कराई। जिया की मौत से जुड़ी घटना के बारे में बताते हुए राबिया ने कोर्ट को बताया कि 3 जून 2013 को उन्होंने जैसे ही जिया के बेडरूम का दरवाजा खोला तो जिया को दुप्पट्टे से लटका हुआ पाया। राबिया खान ने कहा कि इसके बाद उन्होंने तुरंत एक्ट्रेस अंजू महेंद्रू को फोन करके जिया की हालत के बारे में बताया। वह दस मिनट के अंदर मोइन बेग के साथ वहीं पहुंच गईं। इसके बाद जिया के गले से फंदा खोला गया और उसे बिस्तर पर लिया दिया गया। बता दें कि महेंद्रू और बेग इस मामले के गवाह हैं। राबिया खान ने कहा कि इस दौरान हमने जीया खान की सांस वापस लौटें, इसकी खूब कोशिशें की। मोइन बेग ने डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर ने जांच के बाद जिया को मृत घोषित कर दिया।
4 of 4
जिया खान, राबिया खान
- फोटो : सोशल मीडिया
घटना के बारे में बताते हुए राबिया ने कोर्ट में कहा कि कुछ वक्त बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई थी। एक अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उन्होंने तुरंत यही कहा कि यह एक धोखाधड़ी के साथ हुआ खेल लगता है। राबिया खान ने कहा कि बाद में सूरज पंचोली के पिता आदित्य पंचोली घर चले आए और मेरे पैरों में गिर पड़े। उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने अपना जीवन और करियर बर्बाद कर लिया है। इस पर राबिया ने कहा, 'मैंने कई बार जिया को कहा कि वह सूरज से दूर रहे।' राबिया ने यह भी कहा कि महेंद्रू ने उनसे सूरज का नाम न लेने को कहा था, क्योंकि उसके पिता अंडरवर्ल्ड से जुड़े हैं और राजनीति में उनका दबदबा है। राबिया खान ने कोर्ट को बताया कि पुलिस जिया खान का फोन समेत उसका सारा सामान ले गई। राबिया ने कहा कि हमने देखा था कि स्क्रीन पर ढेर सारे मैसेज और मिस्ड कॉल थे और वे सभी सूरज के थे। हमने मैसेज पढ़े और वे सभी गुस्से वाले थे। उनमें अभद्र भाषा थी।