श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर की डेब्यू फिल्म 'धड़क' के ट्रेलर को लोगों का खूब प्यार मिल रहा है। इसके साथ ही 'धड़क' का थीम सॉन्ग भी लोगों के बीच काफी पॉपुलर हो गया है। 'धड़क' फिल्म अगले महीने रिलीज होने वाली है जिस वजह से जाह्नवी इन दिनों फिल्म के प्रमोशन में जोर शोर से जुटी हैं। इस दौरान जाह्नवी ने बताया कि बोनी कपूर ने फिल्म को देखकर पहला रिएक्शन क्या दिया था।
श्रीदेवी जाह्नवी की डेब्यू फिल्म के लिए काफी एक्साइटेड थीं। वह चाहती थी कि बेटी के बॉलीवुड के पहले कदम में वह हर पल उनका साथ दें। हालांकि अब श्रीदेवी हमारे बीच नहीं है लेकिन उनकी बेटी जाह्नवी ने उनके सपने को पूरा कर दिया है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है जिसने लोगों के दिलों में अपनी जगह बना ली है।
जाह्नवी कपूर इन दिनों 'धड़क' फिल्म के प्रमोशन में बिजी हैं। इंटरव्यू के दौरान जाह्नवी से कई सवाल किए गए। इसके साथ ही उनसे पूछा गया कि उनके पापा यानी कि बोनी कपूर ने जब फिल्म को देखा था तो पहली प्रतिक्रिया क्या दी थी? इस पर जाह्नवी इमोशनल हो गईं और बड़ी सहजता से अपनी बात बताई।
जाह्नवी कपूर ने कहा - 'पापा ने पहली बार जब फिल्म के कुछ हिस्से देखे थे तब कहा था कि नेचुरल एक्टिंग की है।' इसके साथ ही जाह्नवी ने कहा कि पापा अपनी भावनाओं को ज्यादा जता नहीं पाते हैं। उनकी कुछ आवाजों से हम यह समझ जाते हैं कि वह खुश हैं कि नहीं। 'फिल्म के कुछ हिस्से देखकर उन्होंने 'सो येह' कहा था जिसका मतलब है कि वह मेरे काम से संतुष्ट हैं।'
जाह्नवी कपूर की फिल्म का उनके फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यहां तक कि 'धड़क' के ट्रेलर को देखने के बाद कुछ लोगों ने कहा था कि कहीं कहीं श्रीदेवी की झलक जाह्नवी में नजर आई है। इस फिल्म में जाह्नवी के अपोजिट ईशान खट्टर लीड रोल में हैं। इस फिल्म को शशांक खेतान ने डायरेक्ट किया है। 'धड़क' फिल्म 20 जुलाई को रिलीज होगी।