चीन में शानदार कमाई को लेकर इरफान खान और सबा कमर की फिल्म 'हिन्दी मीडियम' इन दिनों काफी चर्चा में हैं। तमाम अटकलों के बीच इस फिल्म ने कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। चीनी बॉक्स ऑफिस पर शानदार धमाल मचाने के साथ ही 'हिन्दी मीडियम' ने 200 करोड़ रुपए की कमाई का आंकड़ा भी पार कर लिया है।
फिल्म की बेहतरीन कमाई की जानकारी ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट करके दी है। फिल्म ने मात्र दो हफ्ते में ही चीन के बॉक्स ऑफिस पर 205. 21 करोड़ रुपए ही कमाई कर ली है। 18 अप्रैल तक 'हिन्दी मीडियम' ने चीन बॉक्स ऑफिस पर करीब 198.64 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। उस समय यह उम्मीद लगाई जा रही थी कि यह फिल्म 1-2 दिन के अंदर 200 करोड़ रुपए से ज्यादा रुपए कमाने कामयाब हो जाएगी।
'हिन्दी मीडियम' ने 200 करोड़ रुपए कमाकर इतिहास बना लिया है। यह बॉलीवुड की चौथी ऐसी फिल्म हो गई है जिसने चीन में 200 करोड़ रुपए की कमाई की है। इससे पहले बॉलीवुड की फिल्म 'दंगल', 'सीक्रेट सुपरस्टार' और 'बजरंगी भाईजान' 200 करोड़ की कमाई कर चुकी हैं। 'हिन्दी मीडियम' चीनी दर्शकों को काफी पसंद आ रही है।
भारत के एजुकेशन सिस्टम पर आधारित 'हिन्दी मीडियम' में इरफान खान का बेहतरीन अभिनय होने के साथ पाकिस्तान की एक्ट्रेस सबा कमर ने भी शानदार एक्टिंग की है। 'हिंदी मीडियम' में इरफान खान चांदनी चौक के एक कारोबारी बने हैं जो पूरी तरह से देशी है और अंग्रेजी से कोसों दूर हैं। फिल्म में उनकी बीवी चाहती है कि उनकी बेटी इंग्लिश एजुकेशन हासिल करे और पूरी फिल्म इसी जद्दोजहद को लेकर है।