किसी भी फिल्म में स्टंट करने के लिए स्टंटमैन होते हैं, स्टंटमैन कुछ जानलेवा स्टंट करके एक अभिनेता और उसकी फिल्म को भव्य बनाने के लिए अपनी जान दांव पर लगाते हैं। लेकिन बॉलीवुड की पहली स्टंटवुमन के बारे में कम ही लोग जानते हैं। रेशमा पठान बॉलीवुड की पहली स्टंटवुमन थीं, जिन्होंने कई लोकप्रिय ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शानदार स्टंट किए हैं। आज हम आपको उनके सफर के बारे में बताने जा रहे हैं।
International Women’s Day: बॉलीवुड की पहली स्टंटवुमन, स्टंट के दौरान किया था मौत का सामना
शोले की शूटिंग के दौरान मरते-मरते बची थीं
शोले फिल्म 15 अगस्त 1975 को रिलीज हुई थी। फिल्म के एक सीन के दौरान जब बसंती का तांगा पत्थर से टकरा कर टूट जाता है, उस सीन को हेमा मालिनी की बॉडी डबल रेशम पठान ने निभाया था। इस सीन के दौरान तांगा टूटने की बजाए रेशमा के ऊपर आकर गिर गया था। लोगों को लगा था की उनकी जान चली गई, लेकिन वह इस हादसे में बाल-बाल बच गई थीं। इसी तरह 'कर्ज' में शोभा खोटे का बॉडी डबल करते समय ट्रक ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी थी।
भोजपुरी और क्षेत्रीय फिल्मों में भी किए स्टंट
अपने शानदार करियर में रेशमा ने हेमा मालिनी, श्रीदेवी, रेखा, मीना कुमारी, बिंदिया गोस्वामी और अन्य कई बड़ी नायिकाओं के लिए खतरनाक स्टंट किए हैं। रेशमा ने भोजपुरी और अन्य क्षेत्रीय फिल्मों के लिए भी स्टंट किए हैं। रेशमा ने एक बार कहा था कि स्टंट करने के लिए भाषा की आवश्यकता नहीं होती है।
इसलिए अपनाया स्टंटवुमन बनने का रास्ता
रेशमा चार बच्चों में सबसे बड़ी थी, 14 साल की उम्र में उन्हें अपना करियर शुरू करना पड़ा। उनकी मां को चावल, कपड़ा और अन्य सामानों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और पिता बीमार थे। इस सबके चलते रेशमा को अपने परिवार के लिए रोजी-रोटी कमाने वाला बनना पड़ा। पठान के चाचा, फाइट डायरेक्टर एस.अजीम उनसे प्रभावित थे और उन्होंने अभिनेत्री लक्ष्मी छाया के बॉडी डबल के लिए 1972 में अपनी पहली फिल्म 'एक खिलाड़ी बावन पट्ट' की पेशकश रेशमा से की थी। रेशमा ने इस फिल्म से 175 रुपये कमाए थे।
ए-लिस्टर्स अभिनेत्रियों की बॉडी डबल बनीं
1972 की फिल्म के बाद, रेशमा पठान ने हेमा मालिनी की 'शोले', 'अंधा कानून', बिंदिया गोस्वामी की 'शान', रेखा की 'मुझे मेरी बीवी से बचाओ' जैसी कई फिल्मों में काम किया। रेशमा सभी ए-लिस्टर्स अभिनेत्री के लिए एकमात्र स्टंट डबल बन गईं। उन्होंने मीना कुमारी की 'मेरे अपने' में और कई अन्य फिल्मों के लिए बॉडी डबल की भूमिका निभाई है।