बॉलीवुड एक्टर इमरान खान की पहली फिल्म सुपरहिट थी। मगर इसके बाद उनकी किसी भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धूम नहीं मचाई। अब वह फिल्म निर्देशन में करियर बनाने की प्लानिंग में हैं। हाल ही में उन्होंने करण जौहर की प्रोडक्शन कंपनी 'धर्मा 2.0' के बैनर तले एक विज्ञापन का निर्देशन किया है। मगर वह किस फिल्म का निर्देशन करने जा रहे हैं, इस बात की कोई जानकारी नहीं दी जा रही थी। हालांकि, अब इसका भी खुलासा हो चुका है।
इमरान खान जिस फिल्म से बतौर निर्देशक अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं उसका नाम है स्लिंगशॉट। इस फिल्म को भी करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस के तहत बनाया जाएगा। फिल्म के लिए बतौर लीड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा का नाम सामने आ रहा है। हालांकि, एक्ट्रेस की तलाश जारी है।
'मिड डे' की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म स्लिंगशॉट राजनीतिक व्यंग्य होगी। बता दें कि इमरान खान काफी वक्त से निर्देशन की शुरुआत करने की तैयारी में हैं। फरवरी 2017 में उन्होंने इस सिलसिले में एक निर्माता से मुलाकात भी की थी। लेकिन उस प्रोड्यूजर ने उन्हें स्क्रिप्ट में बदलाव करने को कहा था। इमरान खान का प्रोजेक्ट अब जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा इन दिनों कारगिल युद्ध के शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की बायोपिक को लेकर व्यस्त हैं। फिल्म में वह कियारा आडवाणी के साथ नजर आएंगे। इसके बाद वह फिल्म शॉटगन शादी की शूटिंग शुरू करेंगे। इस फिल्म में परिणीति चोपड़ा के साथ वह रोमांस करते दिखेंगे। दोनों ही फिल्मों के निर्माण में करण जौहर पैसे लगा रहे हैं।