हरियाणा का विधानसभा चुनाव इन दिनों काफी सुर्खियों में हैं। शनिवार का दिन सभी प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार का आखिरी दिन था। आखिरी दिन होने के कारण कई प्रत्याशियों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। वहीं सोनीपत में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री और भाजपा प्रत्याशी कविता जैन ने रोड शो का आयोजन किया। इन रोड शो में उनका प्रचार करने अभिनेत्री महिमा चौधरी और अभिनेता असरानी भी पहुंचे।
महिमा चौधरी और असरानी ने भाजपा प्रत्याशी का किया प्रचार, फिल्मी डायलॉग्स के साथ मांगे वोट
इन दोनों कलाकारों ने कविता जैन के लिए बड़े ही अनोखे अंदाज में प्रचार किया और मतदाताओं से उन्हें वोट करने की अपील की। महिमा चौधरी और असरानी ने अपनी फिल्मों के डायलॉग्स बोलकर भी लोगों से भाजपा प्रत्याशी कविता जैन के लिए वोट करने की अपील की। अभिनेत्री महिमा चौधरी ने उनके प्रचार के लिए अपनी फिल्म 'दाग द फायर' का डायलॉग बोला। उन्होंने कहा- 'औरतों को पांव की जूती समझना छोड़ दे सेठ जिस दिन पड़ेगी तो... बेभाव की पड़ेगी'।
वहीं हास्य कलाकार असरानी ने भी कविता जैन के चुनाव प्रचार के दौरान अपनी सुपरहिट फिल्म शोले का डायलॉग बोला। उन्होंने अपनी मशहूर डायलॉग 'हम अंग्रेजों के जमाने के जेलर हैं' को चुनाव प्रचार के अनुसार बदलते हुए कहा- 'थोड़े इधर जाओ.. थोड़े उधर जाओ बाकि सारे कविता जैन के पीछे आओ। इसके बाद इसी डॉयलॉग को सुधारते हुए असरानी जोर से कहा- कोई कहीं मत जाओ, सारे कविता जैन के पीछे आओ...'
कविता जैन के चुनाव प्रचार के दौरान असरानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व की जमकर तारीफ की। साथ ही रोड शो में मौजूद जनता के इस विधान सभा चुवान भाजपा को वोट देने की अपील की थी। आपको बता दें कि हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को चुनाव प्रचार थम गया। यहां 21 अक्तूबर को मतदान होगा जबकि 24 अक्तूबर को मतगणना होगी।
इसके अलावा 21 अक्तूबर को ही कई राज्यों की 64 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी मतदान होगा। महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 जबकि हरियाणा में 90 सीटे हैं। मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं और सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के पूरे इंतजाम किए गए हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा के लिए 21 अक्तूबर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। पिछले चुनाव में महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना गठबंधन की सरकार है, वहीं हरियाणा में भाजपा ने बहुमत के साथ सरकार बनाई थी।
पढ़ें: इंडियन आइडल 11 में 'छोटू बच्चा' का गाना सुन दंग रह गईं नेहा, एक कंटेस्टेंट तो Kiss कर गया