इमरान हाशमी की फिल्म 'जन्नत' तो आपने देखी ही होगी। इस फिल्म में इमरान हाशमी के अपोजिट मासूम जोया माथुर नाम की लड़की का किरदार निभाया था सोनल चौहान ने। सोनल चौहान का 16 मई को जन्मदिन है। लॉकडाउन के बीच सोनल का जन्मदिन को लेकर कुछ खास प्लान नहीं है। सोनल बेशक इन दिनों हिंदी सिनेमा से दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उनका क्रेज आज भी बरकरार है।
सोनल उत्तर प्रदेश के राजपूत शाही परिवार से हैं। सोनल पहली भारतीय थीं जिन्हें मिस वर्ल्ड टूरिज्म 2005 के खिताब से सम्मानित किया गया था। सोनल को पहली बार हिमेश रेशमिया के एलबम 'आप का सुरूर' में देखा गया था। 2008 में सोनल को 'जन्नत' के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
कई टीवी विज्ञापनों में काम के साथ सोनल चौहान ने कई मैगजीन के लिए भी अपने फोटोशूट करवाए, जिसकी वजह से उनकी खूबसूरती की तारीफ भी हुई। सोनल चौहान के एक फैन ने उन्हें उनके 28वें जन्मदिन पर 8000 लाल गुलाब भेजे थे। फैन ने अपना गुलाब भेजते हुए अपना नाम तक नहीं लिखा था। आज भी सोनल के चाहने वालों की कमी नहीं है।
सोनल चौहान को इमरान हाशमी की फिल्म 'जन्नत' लक से मिली थी। फिल्म के डायरेक्टर कुनाल देशमुख ने सोनल को मुबंई के एक रेस्टोरेंट में देखा था और एक हफ्ते के अंदर ही अपनी फिल्म में कास्ट कर लिया था। सोनल चौहान ने 'रेनबो', 'बुड्ढा होगा तेरा बाप', 'पहला सितारा', 'थ्रीडी' सहित अन्य फिल्मों में काम किया है। सोनल ने साऊथ की फिल्मो में भी अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। इसके अलावा वह Zee5 की वेब सीरीज Skyfire में भी काम कर चुकी हैं।
पत्रकारिता में रुचि होने की वजह से सोनल ने दिल्ली के गार्गी कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया। पहली फिल्म आने के बाद भी उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी थी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। आज सोनल जानी मानी अभिनेत्री हैं। सोनल यूपी के बुलंदशहर से हैं। सोनम लगातार सोशल साइट्स पर अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती हैं जिनमें उनका टशन और स्टाइल देखते ही बनता है।